मुजफ्फरपुर में नशेड़ियों के विवाद में चाचा ने भतीजे के पेट में घोंपा चाकू, आरोपी गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर में नशे में धुत ऑटो चालक ने भतीजे पर चाकू से हमला किया। आरोपी ने कुछ दिन पहले अपनी पत्नी की भी छत से धक्का देकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।

Muzaffarpur Crime News: मुजफ्फरपुर जिला के काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के माड़ीपुर रामराजी रोड में बुधवार की दोपहर नशा करने को लेकर हुए विवाद में एक ऑटो चालक ने अपने ही भतीजे पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. आरोपी चाचा की पहचान मो. फरहान के रूप में हुई है, जिसने अपने भतीजे मो. समीर को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से घायल समीर को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं, ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.

नशा करने के दौरान हुआ विवाद, पेट में घोंपा चाकू

जानकारी के अनुसार, माड़ीपुर रामराजी रोड में कुछ लड़के बैठकर आपस में नशा कर रहे थे. इसी बीच ऑटो चालक मो. फरहान भी शराब के नशे में धुत होकर वहां पहुंच गया. किसी बात को लेकर वहां मौजूद लड़कों से उसका विवाद शुरू हो गया. बहस इतनी बढ़ी कि फरहान ने अपने पॉकेट से धारदार चाकू निकाला और सीधे मो. समीर के पेट में घोंप दिया. जख्मी हालत में समीर जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी फरहान की पिटाई कर उसे पुलिस को सौंप दिया.

पत्नी को छत से धक्का देकर मारने का भी है आरोपी

थाने पर लाकर जब पुलिस ने आरोपी फरहान से कड़ाई से पूछताछ की, तो एक बेहद चौंकाने वाला और सनसनीखेज खुलासा हुआ. पुलिस को पता चला कि चाकूबाजी के इस आरोपी ने कुछ दिन पहले ही अपनी पत्नी को छत से धक्का देकर मार डाला था. इस मामले में मृतका के मायके वालों ने काजीमोहम्मदपुर थाने में फरहान के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी (FIR) दर्ज करवा रखी थी और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी. अब पुलिस इस पुराने मर्डर केस को लेकर भी आरोपी से गहन पूछताछ करेगी.

आरोपी गिरफ्तार, परिजनों के बयान पर दर्ज होगी FIR

काजीमोहम्मदपुर के थानेदार चंद्रभूषण प्रसाद सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि चाकूबाजी में घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है. मुख्य आरोपी मो. फरहान को गिरफ्तार कर लिया गया है. वह घटना के समय भारी नशे में था. पुलिस ने बताया कि पीड़ित परिजनों के लिखित बयान के आधार पर नई प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Chandan singh

चंदन सिंह बीते 12 सालों से क्राइम रिपोर्टिंग की दुनिया में सक्रिय हैं. 2016 से लगातार प्रभात खबर के साथ काम कर रहे हैं. इससे पहले दैनिक जागरण और भास्कर जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के लिये योगदान दे चुके हैं. क्राइम रिपोर्टिंग में इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज्म पर अधिक फोकस. पत्रकारिता में मास्टर्स की पढ़ाई की है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >