मुजफ्फरपुर: अहियापुर थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग और कथित पकड़ौआ विवाह का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचे एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया. इसके बाद स्थानीय लोगों ने दोनों की शादी करा दी. घटना की जानकारी मिलने पर युवक के परिजन भी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गयी और स्थिति तनावपूर्ण हो गयी.
पांच से छह महीने से चल रहा था प्रेम प्रसंग
जानकारी के अनुसार, युवक और युवती के बीच पिछले करीब पांच से छह महीने से प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों फोन पर बातचीत करते थे और एक-दूसरे के संपर्क में थे. युवती का कहना है कि युवक पहले भी कई बार उससे मिलने उसके घर आ चुका था.
बताया जा रहा है कि इस बार युवक के घर पहुंचने की जानकारी ग्रामीणों को हुई. इसके बाद लोगों ने उसे पकड़ लिया. ग्रामीणों ने युवक और युवती को एक साथ पकड़ने के बाद दोनों की शादी करा दी.
परिजनों के पहुंचने पर बढ़ा विवाद
घटना की सूचना मिलने के बाद युवक के परिवार के लोग युवती के घर पहुंचे. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर कहासुनी हुई. देखते ही देखते वहां का माहौल तनावपूर्ण हो गया.
स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए लोगों ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने के बाद 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने पुलिस टीम को अपेक्षित सहयोग नहीं किया. इसके बाद मामले की जानकारी अहियापुर थाना पुलिस को दी गयी.
पुलिस दोनों को थाने लेकर पहुंची
सूचना मिलते ही अहियापुर थाना की गश्ती पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक तथा युवती को थाने लेकर आयी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है.
युवक के साथ रहने को तैयार है युवती
युवती ने बताया कि वह पिछले करीब पांच महीने से युवक से फोन पर बातचीत करती थी. उसके अनुसार, युवक उसे अपने साथ रखने के लिए तैयार है, लेकिन युवक के माता-पिता इस रिश्ते को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं. युवती ने यह भी बताया कि युवक पहले भी कई बार उसके घर आ चुका था.
मां को ग्रामीणों से मिली शादी की जानकारी
वहीं, युवती की मां ने बताया कि उनकी बेटी पिछले करीब छह महीने से युवक से बातचीत करती थी, लेकिन उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी. उन्होंने बताया कि वह काम से बाहर गयी हुई थीं. इसी दौरान उन्हें फोन पर सूचना मिली कि ग्रामीणों ने उनकी बेटी और युवक को पकड़ लिया है और दोनों की शादी करा दी गयी है.
पुलिस दोनों पक्षों के बयान की कर रही जांच
मामले को लेकर अहियापुर थानाध्यक्ष ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक युवक युवती से मिलने उसके घर आया था. ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया और दोनों की शादी कराये जाने की बात सामने आयी है.
थानाध्यक्ष के अनुसार, पहले डायल 112 की पुलिस टीम जांच के लिए पहुंची थी, लेकिन वहां लोगों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने पर थाना पुलिस की गश्ती टीम को भेजा गया.
उन्होंने बताया कि युवक और युवती दोनों को थाने लाया गया है. पुलिस दोनों पक्षों के बयान और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
