अब बिना ढके कूड़े से भरा ट्रैक्टर शहर में चलाने पर चालक पर होगी कार्रवाई
मुजफ्फरपुर : शहर में डेंगू के मरीजों की संख्या में लगातार हो रही वृद्धि से स्वास्थ्य विभाग के बाद अब निगम प्रशासन की नींद उड़ गयी है. सशक्त स्थायी समिति की बैठक में पूरे शहरी इलाके में वृहत रूप से फॉगिंग व एंटी लार्वा स्प्रे कराने के लिए समिति ने नगर आयुक्त को 20 हैंड स्प्रे व पांच फॉगिंग मशीन की खरीदारी करने का निर्देश दिया है.
नगर आयुक्त ने बताया कि तीन दिनों के अंदर मशीनों की खरीदारी की जायेगी. इसके अलावा वायु प्रदूषण के स्तर को कम करने के लिए निगम बिना ढ़के कूड़ा से भरे ट्रैक्टर शहर में लेकर इधर-उधर जो घूमेंगे. उन चालकों पर कार्रवाई की जायेगी. वहीं, सड़क के बीचों-बीच ट्रैक्टर लगा कूड़ा उठाने से लग रहा जाम के लिए भी चालक जिम्मेवार होंगे. नगर आयुक्त ने बताया कि इस तरह की लापरवाही बरतने के लिए चालक पर सीधे कार्रवाई होगी. कूड़ा डंपिंग प्वाइंट पर पर्याप्त मात्रा में चूना व ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव का निर्देश दिया गया है.
डिप्टी मेयर के पीए को बाहर निकालने पर विवाद : शहर से बाहर रहने के कारण उप मेयर मानमर्दन शुक्ला ने पब्लिक व निगम कर्मियों से जुड़े तीन एजेंडा के प्रस्ताव पर चर्चा के लिए मेयर व नगर आयुक्त को भेज अपने पीए को मीटिंग में भेजा था. मीटिंग जैसे ही शुरू हुई, मेयर ने डिप्टी मेयर के पीए शिवेश को बाहर निकाल दिया. इसके बाद इस पर काफी विवाद हुआ. उप मेयर के मोबाइल कॉल के बाद नगर आयुक्त ने पीए को बुला दोबारा मीटिंग में बैठाया.
