शादी के लिए रखे 4.50 लाख रुपये और आभूषण, 13 लाख की संपत्ति चोरी

मुजफ्फरपुर के साहेबगंज में चोरों ने प्रतापपट्टी मोहल्ले में एक घर में घुसकर करीब 13 लाख रुपये की संपत्ति चुरा ली. चोरों ने घर से 4.50 लाख रुपये नकद, कीमती आभूषण और शादी के लिए जमा किए गए अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया. इस चोरी ने पीड़ित परिवार की बेटी की शादी की तैयारियों पर गहरा संकट ला दिया है.

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर साहेबगंज नगर परिषद के प्रतापपट्टी स्थित माई स्थान मोहल्ला में शुक्रवार की रात चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर करीब 13 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली. चोर घर में रखे 4.50 लाख रुपये नकद, आभूषण समेत शादी के लिए जुटाकर रखे गये अन्य सामान लेकर फरार हो गये. घटना के बाद परिवार के सामने बहन की शादी को लेकर बड़ी परेशानी खड़ी हो गयी है.

शाम में घर बंद कर दुकान गये थे प्रिंस

पीड़ित प्रिंस कुमार ने बताया कि शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे वह घर के मुख्य गेट में ताला लगाकर दुकान चले गये थे. रात करीब नौ बजे दुकान बंद कर जब घर पहुंचे, तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था. अंदर जाने पर घर के सामान बिखरे पड़े थे. जांच करने पर चोरी की जानकारी मिली.

चार कमरों में रखे सामान को बनाया निशाना

प्रिंस कुमार के अनुसार, चोर घर में घुसने के बाद चार कमरों में रखे सामान को खंगालते रहे. चोरों ने घर में रखे 4.50 लाख रुपये नकद और आभूषण समेत करीब 13 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली. घटना के बाद परिवार के लोगों में दहशत का माहौल है.

नवंबर में होनी है बहन की शादी

पीड़ित ने बताया कि नवंबर में उनकी बहन की शादी होने वाली है. शादी की तैयारी को लेकर उन्होंने काफी समय से रुपये, आभूषण और अन्य सामान जुटाकर घर में रखा था. चोरों ने शादी के लिए रखी इसी जमा-पूंजी को निशाना बना लिया. चोरी के बाद परिवार के सामने शादी की तैयारी को लेकर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है.

डायल 112 की टीम ने की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने घर के आसपास की स्थिति की जानकारी ली और स्थानीय लोगों से पूछताछ की. पुलिस ने चोरी से जुड़े संभावित सुराग जुटाने का प्रयास किया.

पुलिस कर रही मामले की छानबीन

साहेबगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि चोरी की घटना की सूचना मिली है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ चोरी की घटना से जुड़े अन्य बिंदुओं की भी जांच की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Govind kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >