मुजफ्फरपुर : ब्रह्मपुरा थानाक्षेत्र के लक्ष्मी चौक पर बुधवार को बदमाशों ने एक महिला को अपना निशाना बनाया. कार से मोबिल गिरने का झांसा देकर गाड़ी के सीट पर रखा बैग गायब कर दिया. बैग में डेढ़ लाख रुपये नकद, आभूषण सहित करीब ढाई लाख की संपत्ति थी. पीड़िता सारिका सिंह ने इसकी प्राथमिकी ब्रह्मपुरा थाने में दर्ज करायी है.
पुलिस को आवेदन में हथौड़ी थाना की कफेन निवासी पीड़िता सारिका सिंह ने कहा है कि बुधवार को वे गांव से निजी काम के लिए शहर आयी थीं. लक्ष्मी चौक स्थित दुकान पर पहुंचीं, तो वहां पहले से मौजूद दो युवक गाड़ी के पास पहुंच गये.
गाड़ी से मोबिल गिरने की बात बतायी. इसके बाद चालक गाड़ी का इंजन को चेक करने लगा. वह भी गाड़ी से निकलीं और इंजन की ओर झांक निरीक्षण करने लगीं. इसी बीच मौका पाते ही सीट पर रखे बैग को दोनों युवकों ने गायब कर दिया.
वापस गाड़ी के अंदर आयी, तो बैग गायब पाया. बैग में नकद डेढ़ लाख रुपये के साथ तीन सोने की अंगूठी व अन्य कागजात थे. इधर, पुलिस ने दुकानदार व कर्मचारियों से पूछताछ करने के साथ ही आसपास दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला है.
