धरहरा. धरहरा प्रखंड के अमारी पंचायत स्थित बिंद टोला सामुदायिक भवन में शनिवार को आशा चयन प्रक्रिया के दौरान हंगामा हुआ. स्थानीय महिलाओं व पुरुषों ने चयन प्रक्रिया की पूर्व सूचना नहीं दिए जाने का आरोप लगाते हुए विरोध किया. ग्रामीणों का आरोप था कि उन्हें चिकित्सा शिविर आयोजित होने की जानकारी दी गयी थी, जबकि मौके पर आशा कार्यकर्ता चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी. इधर, ग्रामीणों के हंगामा के बाद आशा चयन प्रक्रिया को रद्द कर दिया. जानकारी के अनुसार आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-169 व 50 के तहत दोनों आशा के चयन को लेकर बिंद टोला सामुदायिक भवन में बैठक आयोजित की गयी थी. चयन प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धरहरा के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अविनाश कुमार तथा बीसीएम राजीव कुमार भी मौके पर पहुंचे थे. बैठक शुरू होते ही उपस्थित महिलाओं ने आपत्ति जताई और कहा कि उन्हें आशा चयन से संबंधित कोई सूचना नहीं दी गयी थी. उनका आरोप था कि पंचायत की ओर से केवल चिकित्सा शिविर लगाए जाने की जानकारी दी गयी थी. इसी बीच जब बीसीएम राजीव कुमार ने आशा चयन के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन प्रस्तुत करने को कहा. जिसके बाद वहां मौजूद ग्रामीण भड़क उठे. पूर्व उपमुखिया नगीना देवी, ललिता देवी, पम्मी देवी सहित अन्य महिलाओं ने कहा कि उन्हें भी आशा चयन से संबंधित कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गयी थी. मुखिया अरुण कुमार साहू ने कहा कि चयन प्रक्रिया पूर्व में पूरी की जा चुकी थी तथा कुछ औपचारिकताओं विशेषकर फोटो से संबंधित प्रक्रिया को पूरा करने के लिए बैठक बुलाई गई थी. इस संबंध में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि ग्रामीणों के विरोध के कारण आशा चयन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई है. विभागीय दिशा-निर्देश के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
चिकित्सा शिविर के नाम पर भीड़ जुटाकर आशा चयन का आरोप, ग्रामीणों ने किया हंगामा
चिकित्सा शिविर के नाम पर भीड़ जुटाकर आशा चयन का आरोप, ग्रामीणों ने किया हंगामा
