श्रावणी मेले के पहले दिन मुंगेर में ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त, छह किलोमीटर जाम में फंसे कांवरिये और यात्री

Munger Traffic Jam : श्रावणी मेले के पहले दिन मुंगेर में श्रीकृष्ण सेतु एप्रोच पथ पर छह किमी लंबा जाम लग गया. कांवरियों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

Munger Traffic Jam : श्रावणी मेले की शुरुआत के साथ ही मुंगेर की यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए. गुरुवार सुबह श्रीकृष्ण सेतु के एप्रोच पथ से काला पत्थर होते हुए नौवागढ़ी भगत चौकी तक करीब छह किलोमीटर लंबा जाम लग गया. दो घंटे से अधिक समय तक वाहन रेंगते रहे, जिससे अजगैवीनाथ धाम से देवघर जाने वाले कांवरियों सहित आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

दो ट्रकों के खराब होने से थम गया यातायात

जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब छह बजे बांक और तेलिया तालाब के समीप दो ट्रकों का गुल्ला टूट गया. दोनों ट्रक सड़क पर ही फंस गए, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. देखते ही देखते श्रीकृष्ण सेतु मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और जाम की स्थिति गंभीर हो गई.

क्रेन और पुलिस व्यवस्था के दावे हुए फेल

प्रशासन की ओर से श्रावणी मेले को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर क्रेन और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने का दावा किया गया था. लेकिन जाम लगने के बाद मौके पर न तो तत्काल क्रेन पहुंची और न ही पर्याप्त पुलिस बल नजर आया. करीब 11 बजे क्रेन पहुंचने के बाद दोनों ट्रकों को हटाया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका.

कांवरियों को घंटों सड़क पर करना पड़ा इंतजार

श्रावणी मेला शुरू होने के कारण अजगैवीनाथ धाम से जल लेकर देवघर जाने वाले कांवरियों की संख्या लगातार बढ़ रही थी. जाम के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु घंटों तक सड़क पर फंसे रहे. गर्मी और भीड़ के बीच कांवरियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी.

तेलिया तालाब के पास हर साल बनती है जाम की स्थिति

स्थानीय लोगों के अनुसार तेलिया तालाब के पास सड़क सिंगल लेन होने के कारण हर वर्ष जाम की समस्या उत्पन्न होती है. इसके बावजूद इस संवेदनशील स्थल पर स्थायी समाधान की दिशा में अब तक प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं. लोगों का कहना है कि आने वाले दिनों में कांवरियों की संख्या बढ़ने पर स्थिति और गंभीर हो सकती है.

यातायात डीएसपी ने बताया कारण

यातायात डीएसपी प्रभात रंजन ने बताया कि सुबह करीब छह बजे बांक और तेलिया तालाब के समीप दो ट्रकों का गुल्ला टूटने से यातायात प्रभावित हुआ था. दोनों ट्रकों को सुबह करीब 11 बजे तक हटा लिया गया. इसके बाद स्थिति सामान्य हो गई और वाहनों की आवाजाही धीरे-धीरे सुचारु कर दी गई.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Birendra Kumar Sing

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >