मुंगेर. मुंगेर विश्वविद्यालय ने भले ही समय पर अपने दूसरे दीक्षांत समारोह के साथ सीनेट की बैठक भी आयोजित कर ली है, लेकिन सीनेट और सिंडिकेट बैठक में लिये गये निर्णयों पर अबतक अमल शुरू नहीं हो पाया है. जिसके कारण 28 अप्रैल को सिंडिकेट बैठक के दौरान पीएचडी में नामांकन को लेकर आवेदन के दौरान विद्यार्थियों से लिये गये अधिक राशि को लौटने के लिए प्रक्रिया आरंभ नहीं की गयी है.
एमयू के 20 पीजी विभागों के अंतर्गत 12 जनवरी 2024 को पीएचडी में लगभग 500 शोधार्थियों ने नामांकन लिया. इसके लिए नवंबर 2023 में ही विश्वविद्यालय ने आवेदन की प्रक्रिया आरंभ की थी. आवेदन प्रक्रिया आरंभ करने के दौरान विश्वविद्यालय ने पीएचडी में नामांकन को लेकर आवेदन शुल्क 2,500 रुपये निर्धारित किया था. हालांकि एक सप्ताह बाद विद्यार्थियों के हंगामे के बाद इसे घटाकर 1,500 रुपये कर दिया, लेकिन एक सप्ताह में लगभग 200 विद्यार्थियों ने पीएचडी में नामांकन को लेकर 2,500 रुपये का आवेदन शुल्क जमा किया था. जिसे वापस करने के लिए एमयू ने विद्यार्थियों से आवेदन भी मांगा था. जिसमें 47 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था, लेकिन एक साल से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अबतक विद्यार्थियों को अतिरिक्त शुल्क के रूप में लिये गये एक हजार की राशि को वापस नहीं कर पाया है.सीनेट, सिंडिकेट के निर्णय पर भी अमल नहीं
एमयू ने जहां 28 मार्च को सिंडिकेट की बैठक आयोजित की. वहीं 29 मार्च को सीनेट की बैठक भी आयोजित की थी. इस दौरान सिंडिकेट बैठक में पीएचडी को लेकर अधिक आवेदन शुल्क जमा करने वाले विद्यार्थियों को राशि वापस किये जाने पर भी चर्चा की गयी. जिसमें निर्णय लिया गया कि पूर्व में आवेदन कर चुके 47 विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय जल्द से जल्द अतिरिक्त राशि वापस करेगा. जबकि वैसे विद्यार्थी, जो पूर्व में अतिरिक्त राशि वापस लेने को लेकर आवेदन नहीं कर पाये थे. वैसे विद्यार्थियों से दोबारा आवेदन मांगा जायेगा. जिसके बाद उनकी अतिरिक्त राशि वापस करने की प्रक्रिया आरंभ की जायेगी, लेकिन सीनेट व सिंडिकेट बैठक के 15 दिन बाद भी अबतक एमयू न तो 47 विद्यार्थियों के अतिरिक्त राशि वापस करने की प्रक्रिया आरंभ कर पाया है और न ही इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया आरंभ कर पाया है.मंगलवार को विश्वविद्यालय खुलने के पश्चात इसकी फाइल बढ़ायी जायेगी. साथ ही पूर्व में आवेदन नहीं कर पाने वाले विद्यार्थियों के लिए भी आवेदन करने को लेकर तिथि निर्धारित की जायेगी.
प्रो. भवेशचंद्र पांडेय, नामांकन समिति पदाधिकारी सह डीएसडब्ल्यूB
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
