* एसडीएम और एसडीपीओ की मौजूदगी में विक्रमशिला पर सवार हुए यात्री
जमालपुरदेश की राजधानी नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ की घटना से प्रशासन सतर्क है. इसे लेकर जिलाधिकारी अवनीश कुमार के निर्देश पर जिले के सभी रेलवे स्टेशन पर संबंधित थाना पुलिस की तैनाती कर दी गई है. सोमवार को जमालपुर स्टेशन पर भी इस क्षेत्र की सर्वाधिक लोकप्रिय विक्रमशिला एक्सप्रेस में रेल यात्रियों की भीड़ प्रबंधन के लिए चार थाना के पुलिस को लगाया गया. इस दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार और सदर एसडीपीओ राजेश कुमार स्टेशन पर डटे रहे.
यात्री को जांच के बाद प्लेटफार्म पर प्रवेश की मिली अनुमति
सोमवार को जमालपुर स्टेशन पर सब कुछ बदला बदला नजर आया. स्टेशन के एंट्रेंस और एग्जिट गेट पर टीटीई को तैनात किया गया था. जो स्टेशन से बाहर निकलने वाले और प्लेटफार्म पर प्रवेश करने वाले लोगों की टिकट की जांच कर रहे थे. जिन लोगों के पास टिकट नहीं थी. उन लोगों को स्टेशन पर प्रवेश करने से रोक दिया गया. इतना ही नहीं पूछताछ काउंटर की उद्घोषणा में भी यात्रियों को टिकट लेकर ही प्लेटफार्म पर आने की सलाह दी जा रही थी. विक्रमशिला एक्सप्रेस के आगमन के समय यह भी अनाउंसमेंट किया जा रहा था कि इस ट्रेन के इंजन के बगल में जनरल बोगी, उसके पीछे स्लीपर और स्लीपर के पीछे वातानुकूलित बोगी रहेगा. इससे फायदा यह हुआ कि जिन लोगों ने टिकट ले रखी थी. वे लोग अपने-अपने निर्धारित स्थान पर खड़े हो गए. प्रशासन द्वारा इस प्रकार की सख्ती बरते जाने के कारण अनावश्यक लोग प्लेटफार्म तक नहीं पहुंच सके. इतना ही नहीं पूरे प्लेटफार्म पर ट्रेन के एक छोर से दूसरे छोर तक सुरक्षा कर्मियों को तैनात कर दिया गया था.
चार पुलिस थाना के सुरक्षाकर्मी यात्रियों की करते रहे मदद
नई दिल्ली की घटना से सबक लेते हुए प्रशासन ने जमालपुर रेलवे स्टेशन पर भागलपुर से आनंद विहार को जाने वाली विक्रमशिला सुपरफास्ट एक्सप्रेस के आने के समय रेलवे सुरक्षा बल, रेल थाना जमालपुर, आदर्श थाना जमालपुर और ईस्ट कॉलोनी थाना पुलिस की तैनाती कर दी थी. इतना ही नहीं सदर एसडीपीओ राजेश कुमार और सदर अनुमंडल पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार भी अधिकारियों को निर्देशित करते नजर आए. हाल यह था कि ट्रेन के इंजन से लेकर गार्ड बोगी तक सुरक्षाकर्मी लगे हुए थे. जमालपुर स्टेशन पर 12367 अप भागलपुर-आनंद विहार विक्रमशिला एक्सप्रेस 13:06 बजे प्लेटफार्म संख्या एक पर आकर लगी. इससे पहले ही सुरक्षा कर्मियों ने मोर्चा संभाल रखा था. जनरल बोगी में पहले से भीड़ थी, परंतु कुछ लोग अनावश्यक रूप से डब्बे के गेट पर खड़े थे. जिन्हें सुरक्षा कर्मियों द्वारा अंदर कराया गया और उस डब्बा में चढ़ने वाले रेल यात्रियों को ऊपर चढ़ने में मदद की गई. दूसरी तरफ स्लीपर कोच में रिजर्वेशन टिकट लेकर यात्रा करने वाले रेल यात्रियों को भी ट्रेन पर चढ़ने में मदद की गई. इस बीच वातानुकूलित कोच में बगैर वाजिब टिकट यात्रा करने वाले रेल यात्रियों को ट्रेन पर से नीचे उतार दिया गया. उल्लेखनीय है कि प्रभात खबर में सोमवार के अंक में वातानुकूलित डब्बे में यात्रियों के खड़े-खड़े यात्रा करने की तस्वीर के साथ खबर छपी थी. जिसका नतीजा यह निकला की सोमवार को वातानुकूलित बोगी में अनावश्यक लोगों को यात्रा करने की अनुमति नहीं दी गई. हलांकि इसके बावजूद यात्रियों की अप्रत्याशित भीड़ के कारण ट्रेन खचाखच भरा था. जिसके कारण स्लीपर कोच संख्या एक में इमरजेंसी खिड़की के सहारे एक युवक को उसके बर्थ तक पहुंचाया गया. नोडल अधिकारी केके दास ने बताया कि यह व्यवस्था 25 फरवरी तक जारी रहेगी. 10 मिनट के अतिरिक्त स्टॉपेज के साथ ट्रेन 13:19 बजे गंतव्य के लिए रवाना हुई.
यह अधिकारी थे स्टेशन पर मौजूद
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए एसडीएम और एसडीपीओ के अतिरिक्त स्टेशन प्रबंधक संजय कुमार, आरपीएफ इंचार्ज मुकेश कुमार, रेल थानाध्यक्ष स्वराज कुमार, आदर्श थाना जमालपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार, ईस्ट कॉलोनी अपर थाना अध्यक्ष संजीत कुमार, कुंदन कुमार, साहब राम, अनिल कुमार सिंह आदि मौजूद थे.
——————————————–बॉक्स
——————————————-24 घंटे के लिए स्टेशन पर दंडाधिकारी को किया प्रतिनियुक्ति
जमालपुर – किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से निपटने के लिए जिलाधिकारी ने जमालपुर रेलवे स्टेशन पर 24 घंटे दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की है. बीडीओ डॉ प्रभात रंजन ने बताया कि जमालपुर स्टेशन पर प्रात 7:00 बजे से संध्या 4:00 बजे तक प्रथम पाली में पंचायत रोजगार सेवक लालेश्वर रजक, 4:00 बजे से रात्रि 11:00 तक द्वितीय पाली में पंचायत तकनीकी सहायक विभाग कुमार पद्मनाभम और रात्रि 11:00 से सुबह 7:00 तक मनरेगा के कनीय अभियंता अमरेंद्र कुमार की प्रतिनियुक्ति की गई है. प्रतिनियुक्ति दंडाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि 17 फरवरी से अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर समय पर उपस्थित रहते हुए अपने कर्तव्यों का सूक्ष्मता पूर्वक निर्वहन करेंगे. साथ ही महाकुंभ मेला के दृष्टिगत यथेष्ट सतर्कता निगरानी एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा अपेक्षित कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
