संग्रामपुर. नगर पंचायत, संग्रामपुर में मंगलवार को आयोजित सामान्य बोर्ड की बैठक पार्षदों के हंगामे की भेंट चढ़ गयी और कार्यपालक पदाधिकारी पर भेदभाव का आरोप लगाया गया. पार्षदों का आरोप था कि पहले योजना पंजी पर कार्ययोजना को लिखा जाय, तभी बैठक पंजी पर हस्ताक्षर किया जायेगा. मंगलवार को नगर पंचायत कार्यालय में मुख्य पार्षद नीलम देवी की अध्यक्षता में सामान्य बोर्ड की बैठक बुलाई गयी थी. जानकारी के अनुसार, बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी ने वार्ड पार्षदों से बैठक पंजी पर हस्ताक्षर करने को कहा. इस पर पार्षदों ने कार्यवाही पंजी पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया और पहले कार्ययोजना लिखने को कहा. वार्ड 03 की पार्षद सरिता देवी ने आरोप लगाते हुए कहा कि हमारे वार्ड में एक भी विकास कार्य नहीं हुआ है. जबकि किसी वार्ड में नौ विकास योजनाओं का क्रियान्वयन कराया जा रहा है, जो कार्यपालक पदाधिकारी की विकास योजनाओं में असमानता व मनमानी को दर्शाता है. वहीं वार्ड दो की पार्षद ममता कुमारी ने कहा कि हमारे वार्ड में मुख्य सड़क किनारे नाला निर्माण कराने कि मांग की जा रही है. बावजूद नाला निर्माण कराने के प्रति उदासीनता बरती जा रही है. नाला निर्माण नहीं होने से लोगों का परेशानी होती है. वार्ड 12 की पार्षद राधा देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के दूसरी किस्त भुगतान करने की मांग की. वार्ड 11 के पार्षद आशीष कुमार ने असमानता का आरोप लगाते हुए कहा कि वार्ड एक से तीन व 10 से 12 में एक भी तिरंगा लाईट नहीं लगाया गया है, जो भेदभाव को दर्शाता है. उप मुख्य पार्षद मनोज कुमार ने कहा कि गत बैठक में प्याऊ निर्माण कराने का प्रस्ताव पारित किया गया था. जिसका निर्माण नहीं कराना कार्यपालक पदाधिकारी की निष्क्रियता है. उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 का आय-व्यय का ब्योरा भी नहीं दिया गया है. कार्यपालक पदाधिकारी रिवकांत सिंह ने कहा कि कार्यवाही पुस्तिका पर हस्ताक्षर कराए बिना कार्ययोजना तैयार नहीं की जा सकती है.
पार्षदों के हंगामे की भेंट चढ़ गयी नगर पंचायत बोर्ड की बैठक, योजना पर नहीं हुई चर्चा
नगर पंचायत, संग्रामपुर में मंगलवार को आयोजित सामान्य बोर्ड की बैठक पार्षदों के हंगामे की भेंट चढ़ गयी और कार्यपालक पदाधिकारी पर भेदभाव का आरोप लगाया गया.
