नगर निगम बोर्ड ने लगायी 130 विकास योजनाओं पर मुहर, खर्च होंगे 35 करोड़

नगर निगम सभागार में शनिवार को नगर निगम बोर्ड की साधारण बैठक मेयर कुमकुम देवी की अध्यक्षता में हुई.

नगर निगम बोर्ड की साधारण बैठक में छाया रहा सड़क, पानी, रोशनी का मुद्दा

मुंगेर. नगर निगम सभागार में शनिवार को नगर निगम बोर्ड की साधारण बैठक मेयर कुमकुम देवी की अध्यक्षता में हुई. बैठक में जहां 130 विकास योजनाओं पर बोर्ड ने मुहर लगायी, वहीं सड़क, पानी, लाइटिंग का मुद्दा छाया रहा. जबकि पार्षदों व आम जनता द्वारा दिये गये सड़क-नाली की योजनाओं पर भी गहन विचार विमर्श किया गया. नगर आयुक्त कुमार अभिषेक, उपनगर आयुक्त हेमंत कुमार, सिटी मैनेजर मो. एहतेशाम हुसैन मुख्य रूप से मौजूद थे.

35 करोड़ की योजनाओं को मिली प्रशासनिक स्वीकृति

नगर निगम के सभी 45 वार्ड के वार्ड पार्षदों तथा आम जनता द्वारा दिये गये गली-नाली सहित विकास की 130 योजनाओं पर बोर्ड में विचार-विमर्श किया गया. जिसके बाद सर्वसम्मति से लगभग 35 करोड़ की लागत से होने वाले सभी 130 योजनाओं के प्राक्कलन को स्वीकृति प्रदान करते हुए प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गयी. अब इन सभी योजनाओं के टेंडर की प्रक्रिया शीघ्र ही आरंभ होगी. महापौर ने कहा कि बोर्ड की बैठक में सभी वार्ड के पार्षदों और आम जनता द्वारा सौंपे गए 130 विकास योजनाओं को विचार विमर्श के पश्चात प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान किया गया है. बोर्ड की बैठक में छह प्रस्तावों पर चर्चा करते हुए सभी प्रस्ताव पारित किये गये. इस दौरान 13 जनवरी 25 को हुई साधारण बोर्ड की बैठक के अलावा 28 जनवरी तथा 06 मार्च 25 को हुई सशक्त स्थायी समिति की बैठक में लिए गए निर्णय की संपुष्टि पर विचार किया गया. इसके अलावा सभी वार्ड पार्षदों और आम जनता द्वारा समर्पित विकास योजनाओं एवं इन योजनाओं के लिए अभियंता द्वारा तैयार प्राक्कलन राशि की प्रशासनिक स्वीकृति पर विचार-विमर्श किया गया. इसके अलावा सभापति की सहमति से अन्य मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ.

मुहल्लों में लगी अधिकांश स्ट्रीट लाइटें हैं खराब

बोर्ड की बैठक में पार्षदों ने सड़क, पानी व लाइटिंग का मुद्दा उठाया. कई सदस्यों ने कहा कि मुहल्ले में लगी अधिकांश स्ट्रीट लाइट खराब है. जिसके कारण मुहल्ले वालों को परेशानी होती है. हद तो यह है कि शिकायत करने पर भी इसकी मरम्मती नहीं नहीं करायी जाती है. वार्ड नंबर 27 के पार्षद अनिल सिंह ने कहा कि कई पार्षदों द्वारा मुहल्लों में घर-घर शुद्ध पेयजल की आपूर्ति नहीं होने और लाइट खराब रहने की शिकायत की है. बोर्ड गठन के 27 माह बाद भी लाइट और पानी के मुद्दा का समाधान नहीं होना चिंताजनक है. जबकि पार्षद इशरत बेगम, मीना देवी, विकास कुमार ने पेयजल व लाइट का मुद्दा उठाया. जबकि एक पार्षदने कोड़ा मैदान स्थित नगर निगम के स्टाल पर अवैध कब्जा की बात कहीं. कई पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड में प्याऊ स्थापित करने की मांग की. जबकि सभी वार्डों में अविलंब पेयजलापूर्ति बहाल करने और छूटे हुए घरों में कनेक्शन देने की मांग पार्षदों ने की.

वार्डों में कमेटी हॉल का हो निर्माण

वार्ड पार्षदों ने नगर निगम से सभी वार्ड में एक कार्यालय खोलने और एक कमेटी हॉल बनाने की मांग रखी. क्योंकि सभी वार्ड में नगर निगम की जमीन है. कार्यालय खुलने से वार्ड पार्षद और आम लोग बैठ कर विकास पर चर्चा कर सकेंगे. जबकि कमेटी हॉल से निगम को राजस्व की प्राप्ति होगी.

बोले मेयर और नगर आयुक्त

नगर आयुक्त ने सभी पार्षदों से कहा कि आप लोग जो भी प्रस्ताव दिये हैं वह लेटर पैड लिखकर दें. जिस वार्ड में सड़क, प्याऊ, पेयजल और लाइट की समस्या है, सभी इन समस्याओं को अपने-अपने लेटर पैड में लिखकर दें. उन्होंने कहा कि इन मसलों का सर्वे कराया जा रहा है. जल्द ही सभी दुरुस्त होंगे. मेयर ने कहा कि पार्षदों और आम जनता द्वारा समर्पित 130 विकास योजनाओं पर विचार विमर्श के पश्चात सभी को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गयी है. शीघ्र ही इन योजनाओं का टेंडर प्रक्रिया आरंभ होगा. नयी लाइटें लगाने और पुराने लाइटें को ठीक करने के लिए निविदा निकाली गयी है. शीघ्र ही समस्या का समाधान होगा. उन्होंने टाउन हाल में पेभर ब्लाक लगाने के साथ ही हाल भवन के सौंदर्यीकरण व खराब पड़े एसी को ठीक कराने की बात कहीं. बैठक में लेखापाल संजय कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी पिंटू कुमार, वार्ड पार्षद राजेश ठाकुर, हीरो यादव सहित अन्य मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Birendra kumar sing

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >