मुंगेर से राणा गौरी शंकर की रिपोर्ट.
Munger Weather Alert: मुंगेर में एक बार फिर गर्मी का असर तेज हो गया है. सोमवार की सुबह सात बजे के बाद ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं. दिन चढ़ने के साथ उमस भी बढ़ती गई, जिससे लोगों को सामान्य तापमान से अधिक गर्मी महसूस हुई. मौसम विभाग ने लोगों को लू और डिहाइड्रेशन से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है.
तापमान 39 डिग्री, एहसास 41 डिग्री का
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. हालांकि बढ़ी हुई नमी और उमस के कारण लोगों को 41 डिग्री सेल्सियस जैसी गर्मी महसूस हो सकती है.
न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. सुबह से ही आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने के कारण लोगों को घरों से बाहर निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा.
गर्म हवाओं ने बढ़ाई परेशानी
दिनभर पूरब-उत्तर दिशा से लगभग 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलती रहीं. इन हवाओं के कारण वातावरण और अधिक तपिश भरा महसूस हुआ. दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में लोगों की आवाजाही कम देखी गई.
विशेषकर बुजुर्गों, बच्चों और बाहर काम करने वाले लोगों को गर्मी और उमस का सबसे अधिक असर झेलना पड़ा.
लू से बचाव के लिए बरतें सावधानी
मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है. विशेषज्ञों का कहना है कि तेज धूप में लंबे समय तक रहने से लू, डिहाइड्रेशन और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है.
लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के और सूती कपड़े पहनने तथा धूप में निकलते समय छाता, टोपी या गमछे का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है.
फिलहाल राहत के आसार कम
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक गर्मी और उमस से तत्काल राहत मिलने की संभावना कम है. तापमान ऊंचा बना रह सकता है और दिन के समय तेज धूप लोगों को परेशान कर सकती है.
ऐसे में स्वास्थ्य विशेषज्ञों और मौसम विभाग की सलाह का पालन करना जरूरी है, ताकि बढ़ती गर्मी के बीच खुद को सुरक्षित रखा जा सके.
Also Read: लोकगायक, अभिनेता से नेता बनने तक, पवन सिंह का ‘पावर स्टार’ सफर
