मुंगेर से वीरेंद्र कुमार सिंह की रिपोर्ट .
Munger Road Problem: मुंगेर शहर का बीआरएम कॉलेज रोड इन दिनों लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है. शहर की प्रमुख और व्यस्त सड़कों में शामिल यह मार्ग सीवरेज और पेयजलापूर्ति योजना के बाद बदहाल स्थिति में पहुंच चुका है. पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क को खोदा गया था, लेकिन काम पूरा होने के बाद सही तरीके से रिस्टोरेशन नहीं होने के कारण पूरी सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है. सड़क की खराब हालत से छात्राएं, कर्मचारी और आम लोग रोजाना परेशान हो रहे हैं.
महिला कॉलेज की छात्राएं सबसे ज्यादा प्रभावित
बीआरएम कॉलेज रोड की सबसे अहम बात यह है कि इसी रास्ते पर शहर का प्रमुख महिला कॉलेज बीआरएम कॉलेज स्थित है. यहां हर दिन हजारों छात्राएं पढ़ाई के लिए पहुंचती हैं. टूटी सड़क और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण छात्राओं को कॉलेज आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
साइकिल, टोटो और छोटे वाहनों से सफर करने वाली छात्राएं हर समय दुर्घटना के खतरे में रहती हैं. बारिश होने पर हालात और खराब हो जाते हैं, क्योंकि जलजमाव के बीच गड्ढे दिखाई नहीं देते और दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है.
आईटीसी कर्मचारियों को भी झेलनी पड़ रही परेशानी
इसी मार्ग पर बहुराष्ट्रीय कंपनी आईटीसी लिमिटेड का सिगरेट कारखाना भी स्थित है. फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारी रोज इसी सड़क से गुजरते हैं. खराब सड़क और धूल के कारण कर्मचारियों को समय पर फैक्ट्री पहुंचने में परेशानी हो रही है.
स्थानीय वाहन चालकों का कहना है कि सड़क पर बने गड्ढों के कारण बाइक और छोटे वाहन लगातार फिसल रहे हैं. कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं.
पाइपलाइन के बाद नहीं हुआ सही रिस्टोरेशन
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क की मरम्मत ठीक तरीके से नहीं की गई. निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग की लापरवाही के कारण सड़क पूरी तरह खराब हो गई है.
लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. लगातार धूल उड़ने और सड़क खराब होने से आसपास के दुकानदार भी परेशान हैं.
लोगों ने उठाई जल्द निर्माण की मांग
स्थानीय नागरिकों और छात्राओं ने प्रशासन से मांग की है कि बीआरएम कॉलेज रोड का जल्द गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण कराया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके और सड़क हादसों पर रोक लगाई जा सके.
