मुंगेर से वीरेंद्र कुमार सिंह की रिपोर्ट
Munger News: मुंगेर नगर निगम की सफाई व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है. शहर के बीआरएम कॉलेज रोड, माधोपुर में सड़क किनारे जमा कूड़े का विशाल ढेर स्वच्छता अभियान की जमीनी हकीकत बयां कर रहा है. हालात ऐसे हैं कि कचरे से उठने वाली दुर्गंध ने स्थानीय लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. वहीं भोजन की तलाश में कूड़े के ढेर तक पहुंच रहे मवेशी पॉलिथीन और प्लास्टिक निगल रहे हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा पैदा हो गया है.
कूड़े के ढेर ने बढ़ाई लोगों की परेशानी
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नियमित कूड़ा उठाव नहीं होने के कारण सड़क किनारे गंदगी लगातार बढ़ती जा रही है. कचरे का ढेर अब इतना बड़ा हो चुका है कि राहगीरों और आसपास के लोगों को दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है. बारिश के मौसम में स्थिति और गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है.
भोजन की तलाश में मवेशियों की जान जोखिम में
सड़क किनारे फेंके गए बचे-खुचे भोजन की तलाश में गाय और अन्य आवारा मवेशी रोजाना कूड़े के ढेर तक पहुंचते हैं. भोजन के साथ वे पॉलिथीन और प्लास्टिक सामग्री भी निगल रहे हैं. पशु चिकित्सकों के अनुसार लगातार पॉलिथीन खाने से मवेशियों के पेट में गंभीर संक्रमण और कई बार जानलेवा स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है.
छात्रों और राहगीरों पर भी असर
बीआरएम कॉलेज रोड शहर का महत्वपूर्ण मार्ग माना जाता है. इस रास्ते से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र, शिक्षक और आम नागरिक गुजरते हैं. इसके बावजूद सड़क किनारे फैली गंदगी को हटाने के लिए कोई ठोस पहल नजर नहीं आ रही है. लोगों का कहना है कि सफाई व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित दिखाई दे रही है.
बीमारी फैलने का बढ़ा खतरा
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि यदि जल्द कूड़ा हटाने और नियमित सफाई की व्यवस्था नहीं की गई तो यह इलाका संक्रामक बीमारियों का केंद्र बन सकता है. नागरिकों ने नगर निगम से प्रतिदिन कूड़ा उठाव सुनिश्चित करने, सफाई व्यवस्था मजबूत करने और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
