मुंगेर से वीरेंद्र कुमार सिंह की रिपोर्ट.
Munger Municipal Election: बिहार नगरपालिका संशोधन अधिनियम 2026 के तहत जिले के सभी छह नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों के चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी निखिल धनराज द्वारा 29 मई को मतदान की तिथि घोषित किए जाने के बाद चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं. नगर निगम से लेकर नगर पंचायतों तक लगातार बैठकें, संपर्क अभियान और समर्थन जुटाने का दौर जारी है.
छह नगर निकायों में होगा चुनाव
जानकारी के अनुसार मुंगेर नगर निगम, जमालपुर नगर परिषद, हवेली खड़गपुर नगर परिषद, तारापुर नगर पंचायत, असरगंज नगर पंचायत और संग्रामपुर नगर पंचायत में सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों का चुनाव कराया जाएगा. सभी जगहों पर सदस्य गुप्त मतदान के जरिए चुने जाएंगे.
सुबह से शुरू होगी चुनाव प्रक्रिया
निर्वाचन प्रक्रिया 29 मई को सुबह आठ बजे से शुरू होगी. नामांकन सुबह आठ बजे से दस बजे तक लिया जाएगा, जबकि मतदान सुबह 11 बजे से शुरू होगा. इसके बाद मतगणना और शपथ ग्रहण की प्रक्रिया भी बिना किसी रुकावट के पूरी की जाएगी.
निष्पक्ष मतदान के लिए प्रशासन अलर्ट
जिला प्रशासन ने चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से कराने के लिए व्यापक तैयारी की है. मुंगेर नगर निगम के लिए अपर समाहर्ता मनोज कुमार को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है. नगर निगम कार्यालय सभागार समेत सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक को पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. पूरी चुनाव प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी ताकि पारदर्शिता बनी रहे.
समर्थन जुटाने में जुटे वार्ड पार्षद
चुनाव की घोषणा के बाद संभावित उम्मीदवारों और उनके समर्थकों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है. नगर निकायों में लगातार रणनीतिक बैठकों का दौर चल रहा है. वार्ड पार्षद अपने पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए संपर्क अभियान चला रहे हैं.
क्यों अहम माना जा रहा यह चुनाव
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सशक्त स्थायी समिति नगर निकायों में वित्तीय और प्रशासनिक फैसलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. यही वजह है कि इस चुनाव को लेकर विभिन्न गुट सक्रिय हो गए हैं और राजनीतिक समीकरण तेजी से बदल रहे हैं.
मतदान को लेकर बढ़ी उत्सुकता
नगर निकायों में चुनाव को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है. सभी की नजरें अब 29 मई को होने वाले मतदान और उसके परिणाम पर टिकी हुई हैं.
Also Read: Gaya Ji News: इमामगंज में मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर तैयारी तेज, अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण
