वर्षों से एक्स-रे टेक्नीशियन और ड्रेसर समेत स्वास्थ्यकर्मियों की कमी से जूझ रहे मुंगेर स्वास्थ्य विभाग को बड़ी राहत मिली है. जून माह में जिले को 15 फॉर्मासिस्ट मिलने के बाद अब सरकार ने 10 एक्स-रे टेक्नीशियन और 12 ड्रेसर की नियुक्ति की है. विभाग स्तर से इन सभी की पोस्टिंग भी विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर कर दी गयी है. नये स्वास्थ्यकर्मियों के योगदान के बाद सदर अस्पताल सहित अनुमंडल और प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों को जांच और इलाज की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है.
वर्षों से खाली थे ड्रेसर के पद, ओटी असिस्टेंट संभाल रहे थे जिम्मेदारी
मुंगेर जिले में लंबे समय से ड्रेसर के पद रिक्त थे. सदर अस्पताल सहित दोनों अनुमंडल अस्पतालों में मरीजों के जख्म की ड्रेसिंग का काम ओटी असिस्टेंट के माध्यम से कराया जा रहा था. ऐसे में मारपीट, दुर्घटना और अन्य कारणों से जख्मी होकर अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को ड्रेसिंग की सुविधा उपलब्ध कराने में अतिरिक्त व्यवस्था करनी पड़ती थी.
अब सरकार ने जिले को 12 नये ड्रेसर उपलब्ध कराये हैं. इनकी नियुक्ति सदर अस्पताल सहित विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में की गयी है. इनके योगदान के बाद जख्मी मरीजों की ड्रेसिंग के लिए अस्पतालों में अलग से प्रशिक्षित कर्मियों की सुविधा उपलब्ध होगी.
जिले को मिले 10 एक्स-रे टेक्नीशियन
सरकार ने मुंगेर जिले में 10 एक्स-रे टेक्नीशियनों की भी नियुक्ति की है. विभाग ने सभी की पोस्टिंग विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में कर दी है. अधिसूचना जारी होने के बाद अब संबंधित कर्मियों के योगदान की प्रक्रिया पूरी की जायेगी.
वर्तमान में जिले में स्थायी रूप से तीन एक्स-रे टेक्नीशियन कार्यरत हैं. इनमें एक तारापुर अनुमंडल अस्पताल में पदस्थापित हैं, जो वर्तमान में प्रतिनियुक्ति पर खड़गपुर और संग्रामपुर की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वहीं एक एक्स-रे टेक्नीशियन सदर प्रखंड में पदस्थापित हैं, जो फिलहाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जमालपुर में प्रतिनियुक्ति पर हैं.
जिले के अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर फिलहाल पीपीपी मोड के माध्यम से मरीजों को एक्स-रे की सुविधा दी जा रही है. अब स्थायी एक्स-रे टेक्नीशियन की नियुक्ति होने से सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है.
योगदान के बाद निर्धारित स्वास्थ्य केंद्रों पर लगायी जायेगी ड्यूटी
सिविल सर्जन डॉ. राजू ने बताया कि जिले को विभाग की ओर से 10 एक्स-रे टेक्नीशियन और 12 ड्रेसर मिले हैं. सभी के योगदान देने के बाद उनकी ड्यूटी उनके निर्धारित स्वास्थ्य केंद्रों पर लगायी जायेगी.
जिले को मिले 12 ड्रेसर
| स्वास्थ्य केंद्र | नियुक्त ड्रेसर |
| सदर अस्पताल, मुंगेर | राहुल कुमार सिंह, संजीत कुमार शर्मा, गुंजन कुमारी, नाज परवीन |
| सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बरियारपुर | संतोष कुमार |
| प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, टेटियाबंबर | राहुल कुमार |
| सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धरहरा | नमिता कुमारी, कोमल पाठक (प्रतिनियुक्ति अनुमंडल अस्पताल, तारापुर) |
| सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हवेली खड़गपुर | ममता कुमारी |
| अनुमंडल अस्पताल, तारापुर | प्रीति कुमारी |
| प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, जमालपुर | चांदनी कुमारी |
| प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, असरगंज | आनंद राज |
जिले को मिले 10 एक्स-रे टेक्नीशियन
| स्वास्थ्य केंद्र | नियुक्त एक्स-रे टेक्नीशियन |
| अनुमंडल अस्पताल, हवेली खड़गपुर | निखिल शेखर, अमित कुमार, राज नंदनी |
| सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हवेली खड़गपुर | मो. एहसान |
| सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धरहरा | अक्षत कुमार सौरभ (प्रतिनियुक्ति सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, टेटियाबंबर) |
| अनुमंडल अस्पताल, तारापुर | रामप्रवेश कुमार, सतेंद्र कुमार |
| सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, संग्रामपुर | तान्या मनीषा |
| सदर अस्पताल, मुंगेर | गणेश कुमार (प्रतिनियुक्ति एसएनसीयू, सदर अस्पताल, मुंगेर) |
| जिला यक्ष्मा कार्यालय, मुंगेर | सूरज कुमार |
