मुंगेर. मानव जीवन में रक्त ही एक ऐसी दवा की श्रेणी है, जिसे बनाया नहीं जा सकता, इसे केवल हम दूसरों के लिए देकर ही इसकी उपलब्धता सुनिश्चित कर सकते हैं. इसके कारण मानव जीवन में रक्तदान को महादान कहा गया है. 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस का थीम भी मानवता की एक बूंद, रक्तदान करें, जीवन बचाएं रखा गया है, जिसे मुंगेर सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक पूरी तरह चरित्रार्थ कर रहा है, जो एक ही रक्त से चार कंपोनेंट तैयार कर न केवल लोगों की जान बचा रहा है, बल्कि लगातार लोगों में जागरूकता फैलाकर जिले में नियमित रक्तदाताओं की संख्या भी बढ़ा रहा है. इसके कारण ही आज जिले के 52 थैलिसिमिया मरीजों के लिएसदर अस्पताल का ब्लड बैंक वरदान बना है.
ब्लड सेपरेटर यूनिट ने दी मजबूती
सदर अस्पताल में साल 2022 में ब्लड सेपरेटर यूनिट स्थापित किया गया. हालांकि इससे पहले यहां किसी भी प्रकार के मरीज को केवल होल ब्लड ही उपलब्ध कराया जाता था, लेकिन ब्लड सेपरेटर यूनिट लगने से अब यहां एक ही रक्त से चार अलग-अलग कंपोनेंट जैसे प्लेटलेट्स, पीआरबीसी, एफएफपी तथा होल ब्लड बनाया जाता है, जिसे आवश्यकता अनुसार मरीजों को दिया जाता है.इससे अब एक ही रक्त से सदर अस्पताल का ब्लड बैंक चार लोगों को जीवन देने में सक्षम हो रहा है.
52 थैलिसिमिया मरीजों के लिए बना वरदान
सदर अस्पताल का ब्लड बैंक जिले के 52 थैलिसिमिया मरीजों के लिये आज के समय में वरदान बना है, जिसे ब्लड बैंक द्वारा बिना किसी एक्सचेंज के समय पर ब्लड उपलब्ध कराया जा रहा है. इसके अतिरिक्त सदर अस्पताल में 24 घंटे संचालित ब्लड बैंक इमरजेंसी व अन्य मामलों में मरीजों को आवश्यकता अनुसार न केवल रक्त उपलब्ध करा रहा है, बल्कि मुंगेर के आसपास के जिले बेगूसराय, लखीसराय, खगड़िया, जमुई के मरीजों को भी रक्त उपलब्ध करा रहा है.
लगातार बढ़ रहे नियमित रक्तदाता
सदर अस्पताल का ब्लड बैंक भले ही थैलिसिमिया मरीजों के लिये वरदान बना है और इमरजेंसी व अन्य मामलों में लोगों को रक्त उपलब्ध करा रहा है, लेकिन इसके साथ ब्लड बैंक लगातार लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक भी कर रहा है. जिसके कारण ही आज जिले में लगातार नियमित रक्तदाताओं की संख्या बढ़ती जा रही है. जिले में दो साल पहले तक नियमित रक्तदाताओं की संख्या मात्र 5 से 6 ही थी, लेकिन वर्तमान में जागरूकता के कारण आज ब्लड बैंक के पास 15 से अधिक नियमित रक्तदाता हैं. जो 3 माह के नियमित अंतराल पर रक्तदान कर रहे हैं. जिससे ब्लड बैंक लोगों की जान बचाने में सक्षम हो पा रहा है.
विश्व रक्तदाता दिवस पर आज होंगे कई कार्यक्रम
पूरे विश्व में प्रत्येक वर्ष 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस मनाया जाता है. जिसे लेकर रक्तदाताओं को जागरूक करने के लिए रविवार को सदर अस्पताल के ब्लड बैंक में भी कई कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. सदर अस्पताल मुंगेर के ब्लड बैंक में 14 जून से 13 जुलाई 2026 तक एक महीने का विशेष जागरूकता और शिविर कार्यक्रम चलाया जाएगा. इस दौरान सदर अस्पताल मुंगेर के माध्यम से जिले में कम से कम चार स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों का आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा. इसके अतिरिक्त ब्लड ग्रुप टेस्टिंग (रक्त समूह जांच) और हीमोग्लोबिन की मुफ्त जांच के साथ उचित डॉक्टरी परामर्श की भी व्यवस्था रहेगी. जबकि एक विशेष सम्मान समारोह का भी आयोजन होगा. जहां जिले के नियमित स्वैच्छिक रक्तदाताओं और इस नेक कार्य में जुटी संस्थाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा.
कहते हैं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी
ब्लड बैंक के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ फैजुद्दीन ने कहा कि रक्त एक ऐसा अवयव है. जिसे हम बना नहीं सकते हैं. इसे केवल हम देकर ही पूरा कर सकते हैं. इसलिये प्रत्येक स्वस्थ्य व्यक्ति को नियमित रूप से तीन माह के अंतराल पर रक्तदान करना चाहिए. उन्होंने कहा कि रक्तदान करने से किसी प्रकार का नुकसान नहीं होता, बल्कि रक्तदान कर हम कई प्रकार की बीमारियों से भी बच सकते हैं.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.