Jamalpur Vande Bharat Liquor Smuggling: जमालपुर में प्रीमियम ट्रेन में सफर और हाथ में ट्रॉली बैग देखकर शायद ही किसी को शक हो कि उसमें शराब की खेप हो सकती है. लेकिन जमालपुर रेलवे स्टेशन पर रविवार को आरपीएफ सीआईबी की टीम ने ऐसे ही एक संदिग्ध यात्री को पकड़ लिया. हावड़ा-जमालपुर वंदे भारत एक्सप्रेस से उतरकर भागने की कोशिश कर रहे युवक के बैग की तलाशी में विदेशी शराब के 88 पैक बरामद हुए.
बरामद शराब में 54 टेट्रा पैक और 34 बोतल शामिल हैं. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक ने पूछताछ में बताया कि उसने शराब हावड़ा में खरीदी थी और इसे मुंगेर में बेचने के लिए लेकर आया था.
वंदे भारत से उतरते ही संदिग्ध हरकतों ने खींचा ध्यान
आरपीएफ सीआईबी इंस्पेक्टर सुधांशु कुमार सुधा के अनुसार, जमालपुर रेलवे स्टेशन पर अवांछित गतिविधियों पर नजर रखने के लिए उनकी टीम तैनात थी.
इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या दो पर हावड़ा-जमालपुर वंदे भारत एक्सप्रेस पहुंची. ट्रेन से एक व्यक्ति उतरा. वह सूट-बूट पहने था और उसके हाथ में ट्रॉली बैग के साथ एक पिट्ठू बैग भी था.
वह तेजी से फुटओवर ब्रिज की ओर बढ़ने लगा. उसकी गतिविधियां टीम को संदिग्ध लगीं. जवानों ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह रुकने के बजाय भागने की कोशिश करने लगा.
इसके बाद जवानों ने उसे फुटओवर ब्रिज पर घेर लिया.
ट्रॉली और बैग खुलते ही सामने आयी शराब की खेप
संदिग्ध यात्री के सामान की तलाशी ली गयी तो उसके बैग से विदेशी शराब बरामद हुई. तलाशी में 54 टेट्रा पैक और 34 बोतल विदेशी शराब मिली.
कुल 88 पैक मिलने के बाद आरपीएफ सीआईबी टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 41 वर्षीय मनजीत कुमार के रूप में हुई है. वह जमालपुर थाना क्षेत्र के बड़ी दरियापुर निवासी सदानंद प्रसाद का पुत्र बताया गया है.
हावड़ा से शराब खरीदकर मुंगेर लाने की बात कही
पूछताछ के दौरान मनजीत कुमार ने पुलिस को बताया कि उसने शराब हावड़ा में खरीदी थी. उसके अनुसार वह शराब को मुंगेर में बेचने के लिए लेकर आया था.
हालांकि, शराब की तस्करी के पीछे उसका नेटवर्क कितना बड़ा है और इस खेप को मुंगेर में किसे सौंपना था, इसकी जानकारी जांच के बाद सामने आयेगी.
प्रीमियम ट्रेन से शराब की खेप पहुंचने की घटना ने रेलवे मार्ग से होने वाली शराब तस्करी की चुनौती को भी सामने ला दिया है. शराबबंदी वाले बिहार में तस्कर अब अलग-अलग तरीकों से शराब पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं.
Jamalpur Vande Bharat Liquor Smuggling: एक्साइज थाना मुंगेर को सौंपा गया आरोपी
गिरफ्तारी के बाद आरपीएफ सीआईबी की टीम ने आरोपी और बरामद शराब को आगे की कार्रवाई के लिए एक्साइज थाना मुंगेर को सौंप दिया.
मामले में कांड संख्या 182/26 दर्ज किया गया है. अब उत्पाद विभाग की ओर से आरोपी से पूछताछ और शराब की खेप से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.
Also Read: बाढ़ के खतरे को लेकर पटना से भागलपुर तक प्रशासन हाई अलर्ट, गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर ने बढ़ाई टेंशन
Also Read: बिहार में देर रात 23 IAS अफसरों का तबादला, इन जिलों के DDC, SDO और नगर आयुक्त बदले गए
