Jamalpur News : जमालपुर स्थित बीएसएपी-9 कैंप में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रशिक्षण के लिए पहुंची एक महिला प्रशिक्षु कांस्टेबल की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी. मृतका की पहचान पश्चिम चंपारण के बेतिया अंतर्गत पहाड़पुर थाना क्षेत्र निवासी अवंतिका सिंधु के रूप में हुई है.
प्रशिक्षण से लौटे साथियों ने जब अवंतिका को तलाशना शुरू किया, तो वह बाथरूम में संदिग्ध अवस्था में मिली. साथियों ने तत्काल उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जमालपुर पहुंचाया, जहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अशोक पासवान ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की जानकारी मिलते ही बीएसएपी-9 के कमांडेंट मिथिलेश कुमार सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. अब मौत की असली वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
प्रशिक्षण के लिए जमालपुर पहुंची थी अवंतिका
जानकारी के अनुसार, पटना पुलिस लाइन से प्रशिक्षण के लिए अवंतिका सिंधु कुछ दिन पहले जमालपुर स्थित बीएसएपी-9 कैंप पहुंची थी. यहां प्रदेश के अलग-अलग जिला बलों से करीब 500 प्रशिक्षु प्रशिक्षण ले रहे हैं.
इन प्रशिक्षुओं में 16 ट्रांसजेंडर जवान भी शामिल हैं. इन्हीं में अवंतिका सिंधु भी प्रशिक्षण प्राप्त कर रही थीं.
रविवार को प्रशिक्षण के दौरान हुई इस घटना ने कैंप में मौजूद अन्य प्रशिक्षुओं और जवानों को भी स्तब्ध कर दिया.
कुछ दिनों से बीमार चल रही थी जवान
सूत्रों के अनुसार, अवंतिका पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रही थी. इसी वजह से वह प्रशिक्षण में शामिल नहीं हो रही थी. रविवार को उसके साथी जवान प्रशिक्षण के लिए बाहर गये थे.
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद जब साथी कैंप लौटे, तो अवंतिका दिखाई नहीं दी. इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गयी.
इसी दौरान वह बाथरूम में संदिग्ध अवस्था में मिली. साथियों ने आनन-फानन में उसे वहां से निकाला और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जमालपुर लेकर पहुंचे.
अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी मौत
अवंतिका को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जमालपुर ले जाने के बाद डॉक्टर ने उसकी जांच की. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अशोक पासवान ने उसे मृत घोषित कर दिया.
इसके बाद कैंप के अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गयी. महिला प्रशिक्षु की अचानक मौत की सूचना मिलते ही बीएसएपी-9 प्रशासन में भी हलचल मच गयी.
हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उसकी मौत बीमारी की वजह से हुई, किसी हादसे के कारण या इसके पीछे कोई अन्य वजह है. मौत की वास्तविक वजह पुलिस जांच और आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया के बाद ही सामने आयेगी.
सहेलियों से अधिकारियों ने की पूछताछ
घटना की सूचना मिलने के बाद बीएसएपी-9 के कमांडेंट मिथिलेश कुमार, सदर डीएसपी डॉ. अर्जुन कुमार गुप्ता, जमालपुर थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान और ईस्ट कॉलोनी की प्रभारी पुष्पा कुमारी मौके पर पहुंचे.
अधिकारियों ने कैंप में मौजूद मृतक जवान की सहेलियों और अन्य संबंधित लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
घरवालों को दी गयी सूचना
घटना की जानकारी अवंतिका सिंधु के परिजनों को भी दे दी गयी है. कमांडेंट मिथिलेश कुमार के अनुसार, परिवार के लोगों को घटना की सूचना दे दी गयी है और वे जमालपुर के लिए रवाना हो गये हैं.
उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए स्थानीय पुलिस को सूचना दी गयी है. मौत की वजह और घटना की परिस्थितियों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा.
Jamalpur News: पुलिस जांच से खुलेगा मौत का राज
महिला प्रशिक्षु कांस्टेबल की मौत के बाद अब कई सवाल सामने हैं. वह पिछले कुछ दिनों से बीमार थी और प्रशिक्षण में शामिल नहीं हो रही थी. इसके बावजूद रविवार को वह किस स्थिति में बाथरूम तक पहुंची और वहां उसके साथ क्या हुआ, यह जांच का विषय है.
पुलिस अब घटनास्थल की परिस्थितियों, साथियों से मिली जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ायेगी. फिलहाल अधिकारियों ने मौत को लेकर किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है.
कमांडेंट मिथिलेश कुमार ने कहा कि स्थानीय पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है. पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी.
Also Read: बाढ़ के खतरे को लेकर पटना से भागलपुर तक प्रशासन हाई अलर्ट, गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर ने बढ़ाई टेंशन
Also Read: बिहार में देर रात 23 IAS अफसरों का तबादला, इन जिलों के DDC, SDO और नगर आयुक्त बदले गए
