Munger Fire Incident: असरगंज (मुंगेर). असरगंज थाना क्षेत्र के चौरगांव उत्तर टोला में बुधवार सुबह गैस पाइप लीक होने से एक घर में आग लग गई. घटना में करीब एक लाख रुपये मूल्य की घरेलू संपत्ति जलकर नष्ट हो गई. समय पर अग्निशमन विभाग की टीम के पहुंचने से आग को आसपास के घरों में फैलने से रोक लिया गया.
चाय बनाते समय गैस पाइप से हुआ रिसाव
जानकारी के अनुसार चौरगांव उत्तर टोला निवासी छोटू कुमार यादव की पत्नी बुधवार सुबह रसोई में चाय बना रही थीं. इसी दौरान गैस पाइप में रिसाव होने से अचानक आग भड़क उठी. कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया.
घरेलू सामान जलकर हुआ राख
आग लगने से घर में रखा गोदरेज, पलंग, चौकी, बिस्तर, चादर तथा अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया. घटना के समय परिवार के लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई.
फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने असरगंज थाना को जानकारी दी. इसके बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक आग विकराल रूप ले चुकी थी, लेकिन काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया.
सरकारी सहायता की मांग
Munger Fire Incident: पीड़ित छोटू कुमार यादव ने बताया कि आग लगने से लगभग एक लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है. घटना के बाद उन्होंने असरगंज अंचल कार्यालय में लिखित आवेदन देकर सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.
