फुटबॉल रेफरी मनीष कुमार ने मुंगेर का नाम किया रोशन

मानगढ़ धरहरा निवासी मनीष कुमार ने फुटबॉल मैच खेलाने के अपने लाजवाब अंदाज से फुटबॉल प्रेमियों का दिल जीत लिया है.

जमालपुर. मानगढ़ धरहरा निवासी मनीष कुमार ने फुटबॉल मैच खेलाने के अपने लाजवाब अंदाज से फुटबॉल प्रेमियों का दिल जीत लिया है. रेफरी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मनीष कुमार 3 साल से फुटबॉल मैच में रेफरी की भूमिका निभा रहे हैं. पहली बार 72 में बिहार राज्य फुटबॉल प्रतियोगिता मोइनुल हक कप में रोहतास में आयोजित टूर्नामेंट में रेफरी की भूमिका सफल रूप से निभाई. इसके बाद पश्चिमी चंपारण में भी इसी प्रतियोगिता में मैच में रेफरी बने. साथ ही उन्होंने ऑल इंडिया एसबीआई इंटर सर्कल फुटबॉल टूर्नामेंट पाटलिपुत्र कंपलेक्स पटना में भी आयोजित मैच में रेफरी की पहचान बनाई. इनका अंदाज़ औरों से कुछ हटकर है. रेफरी रजी अहमद, अजय कुमार, संतोष कुमार सिंह, अरविंद यादव, सुनील कुमार शर्मा, संजय कुमार सिंह, संदीप कुमार गुप्ता, कृष्णानंद, प्रवीण शंकर सिंह, जयप्रकाश पंडित ने मनीष कुमार के उज्ज्वल भविष्य की बधाई दी.

————

आज चार घंटे बाधित रहेगी विद्युत आपूर्ति

जमालपुर. रविवार को जमालपुर और मुंगेर की बिजली आपूर्ति पूर्वाह्न 11 से अपराह्न 3 बजे तक बंद रहेगी. विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल जमालपुर के सहायक विद्युत अभियंता दिलीप कुमार ने बताया कि 33 हजार सफियाबाद पावर ग्रिड का तार बदली किया जाएगा. जिसको लेकर चार घंटा लगातार काम किया जायेगा. इस कारण सफियाबाद, करणचौरा, बिंदवाड़ा और आईटीसी की बिजली आपूर्ति 4 घंटे तक पूरी तरह बंद रहेगी. उन्होंने उपभोक्ताओं से अपनी आवश्यकता के अनुसार पीने के पानी की व्यवस्था पहले ही कर लेने की अपील की.

———

आरोपी गिरफ्तार

जमालपुर. गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए जमालपुर थाना पुलिस ने शनिवार को मारपीट मामले के एक फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि पिछले एक फरवरी को थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर में मारपीट की घटना हुई थी. जिसमें आवेदक रंजीत कुमार पासवान ने अपने पड़ोसी बबलू पासवान उर्फ विकास कुमार, अनीश पासवान, निलेश पासवान, मनीष पासवान और राजेश पासवान को आरोपित बनाया था. शनिवार को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दुखन पासवान के पुत्र राजेश कुमार पासवान को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.

————

60 लीटर देसी शराब के साथ दो धंधेबाज गिरफ्तार

जमालपुर. जमालपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शनिवार को दो अलग-अलग स्थान से 60 लीटर देसी शराब के साथ दो शराब धंधेबाजों को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही एक ई रिक्शा भी जब्त किया गया. थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि रामचंद्रपुर स्कूल के समीप से धरहरा थाना क्षेत्र के माताडोह पहाड़पुर निवासी छेदी मंडल के पुत्र दीपक कुमार मंडल को 25 लीटर देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया. जबकि भलार लाल खान रोड के वलीपुर रोड से एक शराब तस्कर अनमोल कुमार को गिरफ्तार किया गया. जो सफियाबाद थाना क्षेत्र के इंदरुख निवासी सुमन सिंह का पुत्र है. वह ई रिक्शा से 35 लीटर देसी शराब लेकर भलार की ओर से आ रहा था. उन्होंने बताया कि दोनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >