मुंगेर सदर प्रखंड के गंगापार टीकारामपुर में 14 फरवरी को हुयी अगलगी की घटना में 14 घर जल कर राख हो गए थे. जिसके पीड़ितों को रविवार को अंचल कार्यालय में सीओ प्रीति कुमारी के आदेश पर सहायता राशि दी गयी. इधर रेड क्रॉस सोसाइटी मुंगेर शाखा द्वारा पीड़ितों के बीच जाकर संवेदना व्यक्त करते हुए जरूरी सामान पोलीं सीट, कंबल, किचन सेट, हाइजीन किट, सूखा राशन वितरण किया गया. रेड क्रॉस सोसाइटी मुंगेर के सचिव देव प्रकाश के साथ हेमंत सिंह, रविशंकर केशरी, अंकित जालान ने टीकारामपुर दियारा क्षेत्र के बाल्मीकि मंडल टोला में भीषण आग के चपेट में आये लोंगों को सहायता प्रदान किया. विदित हो कि अग्निकांड में सभी पीड़ितों के घर सहित सारा सामान जल कर राख हो जाने के बाद पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को विवश है. सभी पीड़ित परिवार को प्रति परिवार 12-12 हजार रुपए का चेक और पॉलीथीन शीट वितरित किया गया. राजस्व अधिकारी प्रभात कुमार ने पीड़ित परिवारों को चेक सौंपा. सीओ ने बताया कि आपदा विभाग की ओर से प्रत्येक पीड़ित परिवार को राशन व कपड़ा के लिए आपदा के तहत 12-12 हजार का चेक उपलब्ध कराया गया है. झोपड़ी निर्माण के लिए अलग से 8-8 हजार रुपया प्रति परिवार उपलब्ध कराया जाएगा. मौके पर पंचायत प्रतिनिधि राजीव रंजन, सरपंच शिवनंदन महतो सहित अग्नि पीड़ित सोनी देवी, रेणु, फुदिया देवी सहित अन्य मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
