मुंगेर : धरहरा प्रखंड के मोहनपुर गांव में सोमवार अहले सुबह घर में सो रही एक वृद्ध महिला को जहरीले सांप ने डस लिया. घटना के बाद महिला की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए पहले भगवती स्थान और फिर धरहरा पीएचसी ले गये. गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मुंगेर सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है.
बिछावन पर सो रही थी महिला
बताया जाता है कि मनोरमा देवी अपने बिछावन पर सो रही थी. इसी दौरान जहरीले सांप ने उसे डस लिया. महिला ने सांप के काटने की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद घर में अफरा-तफरी मच गयी. परिजनों ने घर में सांप की तलाश शुरू की और उसे मार दिया.
सांप को बोतल में बंद कर अस्पताल लाये
सांप की पहचान से इलाज में मदद मिलने की उम्मीद में परिजनों ने मरे हुए सांप को एक बोतल में बंद किया और अपने साथ मुंगेर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां चिकित्सकों को सांप दिखाया गया, जिसके बाद उसकी पहचान के आधार पर महिला का उपचार शुरू किया गया.
सदर अस्पताल में चल रहा इलाज
महिला के पुत्र विष्णु देव मांझी ने बताया कि सांप के डसने के बाद पहले स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया. इसके बाद महिला को धरहरा पीएचसी ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया. फिलहाल महिला की हालत गंभीर बतायी जा रही है और सदर अस्पताल में उसका इलाज जारी है.
