मुंगेर-सुलतानगंज मुख्य मार्ग एनएच-80 पर बोचाही गांव के समीप रविवार तड़के हुए सड़क हादसे में पांच कांवरिया घायल हो गये. सभी घायल दरभंगा जिले के जाले थाना क्षेत्र के भंवरपुरा गांव के रहने वाले हैं. हादसे के बाद यातायात पुलिस ने सभी को तत्काल मुंगेर सदर अस्पताल पहुंचाया. चिकित्सकों के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर हैं.
सड़क किनारे आराम कर रहे थे कांवरिया
जानकारी के अनुसार दरभंगा जिले के जाले थाना क्षेत्र के भंवरपुरा निवासी कांवरियों का जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम में जल अर्पित करने के बाद वापस अपने घर लौट रहा था. बरियारपुर-मुंगेर के बीच बोचाही गांव के समीप सभी कांवरिया सड़क किनारे रुककर आराम कर रहे थे. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैवलर वाहन ने कांवरियों को टक्कर मार दी.
पांच कांवरिया हुए घायल
ट्रैवलर की टक्कर से पांच कांवरिया घायल हो गये. घायलों की पहचान बैधनाथ यादव, सुभित यादव, रामलखन यादव, छोटी शर्मा और भुवनेश्वर शर्मा के रूप में हुई है. दुर्घटना के बाद मौके पर आसपास के लोग भी जुट गये.
यातायात पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया
हादसे की सूचना मिलते ही यातायात एएसआई नित्यानंद मंडल घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने तत्काल सभी घायलों को इलाज के लिए मुंगेर सदर अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में घायलों का उपचार शुरू किया गया. सभी की स्थिति खतरे से बाहर बतायी जा रही है.
डीएसपी ने अस्पताल पहुंचकर ली इलाज की जानकारी
घटना की सूचना मिलने के बाद यातायात डीएसपी प्रभात रंजन भी मुंगेर सदर अस्पताल पहुंचे. उन्होंने चिकित्सकों और पुलिसकर्मियों से घायलों के इलाज की जानकारी ली तथा कांवरियों की स्थिति का जायजा लिया.
112 पर किया था फोन, पुलिस पहले पहुंची
घायल कांवरियों ने बताया कि हादसे के बाद उन्होंने सहायता के लिए 112 नंबर पर फोन किया था. हालांकि यातायात पुलिस की टीम उससे पहले ही घटनास्थल पर पहुंच गयी और सभी घायलों को अस्पताल लेकर आयी. हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी ली और वाहन के संबंध में भी जानकारी जुटायी.
