मुंगेर. महाशिवरात्रि पर शहर से गांव तक विभिन्न शिवालयों में बुधवार को शिव भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. सुबह से ही मंदिर व शिवालयों में श्रद्धालु के पहुंचने का सिलसिला आरंभ हो गया. जैसे-जैसे दिन बीतते गया, वैसे-वैसे शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती चली गयी. श्रद्धालु बमबम भोले व बोल बम का नारा लगाते हुए देवों के देव महादेव की पूजा-अर्चना में लीन हो गये. कोई भोलेबाबा का जल से अभिषेक कर उन्हें मनाने में लगे हुए थे, तो कोई दूध के अभिषेक से भोलेदानी को रिझा रहे थे. कोई उन्हें नैवेद्य में भांग का गोला अर्पित कर रहे थे तो कोई धतूरा चढ़ा कर भगवान शंकर से वरदान मांग रहे थे. चारों ओर शिव की भक्ति में वातावरण पूरी तरह से शिवमय हो गया.
शिवालयों में उमड़ी शिवभक्तों की भीड़
शहर के बेकापुर स्थित मनकेश्वर बाबा स्थान में जहां सचमुच में विवाह जैसा माहौल बन गया था. शिव बरात की तैयारी व विवाह के गीत से वातावरण पावन हो गया. मछली तालाब स्थित शिवालय पर तो सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लग गया. खासकर महिलाएं व युवतियों की भीड़ कम होने का नाम ही नहीं ले रहा था. महिलाएं हाथ में पूजा की थाली लिये हुए बारी-बारी से शिवालय के भीतर पहुंची तथा महादेव की पूजा-अर्चना कर मन्नतें मांगी. दुमंठा घाट स्थित शिवालय पर बाबा भोले व माता पार्वती का विवाह काफी धूमधाम से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया. संध्याकाल में शिव बरातियों की झांकी ने लोगों का मनमोह लिया. वहीं दोमंठा शिवालय महद्दीपुर, कृष्णापुरी स्थित शिवालय, सदर अस्पताल स्थित शिवालय, शिवगुरु धाम, शिवगंज, नौवागढ़ी, गढ़ीरामपुर, चड़ौन, बोचाही, कलारामपुर सहित अन्य जगहों पर स्थित शिवालयों में देर रात तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. कई जगहों पर रात्रि जागरण का भी आयोजन किया गया.
शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, पूरे दिन चलता रहा पूजा पाठ
जमालपुर. महाशिवरात्रि को लेकर जमालपुर और आसपास के शिवालयों में बुधवार को पूरे दिन श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही. जबकि इस दौरान पूजा पाठ का दौर चलता रह शिवरात्रि को लेकर सुबह से ही विभिन्न शिवालय और मंदिरों से भगवान भोलेनाथ को समर्पित भजनों को बजाया जा रहा था. जिसके कारण पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया था. सुबह से ही शिवालय में शिवरात्रि व्रत करने वाली महिलाओं, बालिकाओं और युवतियों की टोली पहुंचने लगी थी. मंदिरों में पूजा पाठ करने का सिलसिला शाम तक जारी रहा. कामना सिद्धि, शिव साईं धाम धरहरा रोड, छोटी केशवपुर, फरीदपुर फाड़ी स्थित शिव मंदिर, रामपुर बस्ती स्थित मनसा मंदिर, एमसीएच मोड़ स्थित शिव मंदिर, ईस्ट कॉलोनी थाना परिसर स्थित मंदिर और जमालपुर थाना स्थित शिव मंदिर में दिनभर व्रत करने वाली महिलाओं की भीड़ लगी रही. वहीं मारवाड़ी धर्मशाला स्थित श्री महाकालेश्वर महादेव महामाया शक्ति धाम मंदिर प्रांगण में भी सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगी रही. मौके पर पूजा प्रभारी सुजीत शंघाई, गिरधर शंघाई, जयशंकर शर्मा, योगेश अग्रवाल, प्रकाश पंसारी, राजकुमार शर्मा, अंकित संगी, पुजारी बिट्टू बाबा मौजूद थे. वहीं काली पहाड़ी पर स्थित बाबा सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में जल चढ़ाने के लिए कुछ कांवड़ियां पहुंचे. जो मुंगेर उत्तर वाहिनी गंगा से जल भरकर कांवर लेकर पैदल काली पहाड़ी पहुंचे और वहां बाबा सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में स्थित शिवलिंग पर जल अर्पण किया. काली पहाड़ी की चोटी पर स्थित महाकाल मंदिर में भी हजारों श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर शिवरात्रि का पर्व मनाया. काली पहाड़ी पर महाभारत कालीन यमला काली मंदिर, राधा कृष्ण बलराम मंदिर, राम लक्ष्मण सीता मंदिर, वैष्णो माता मंदिर के साथ महाकाल का भी मंदिर है. राजद नेता राजेश रमन राजू ने कहा कि यहां के मंदिर भवन का जीर्णोद्धार करना बहुत आवश्यक है. जिसको वन विभाग केरा लगातार रोका जा रहा है. जबकि लाखों श्रद्धालुओं का आस्था जमालपुर काली पहाड़ी से जुड़ा हुआ है. उन्होंने जिलाधिकारी से मंदिर निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्य की अनुमति देने की मांग की. दूसरी तरफ जीआरपी शिव मंदिर में मंगलवार से चल रहे अखंड श्री राम धुन महायज्ञ का बुधवार को समापन हो गया. जमालपुर शहर में कई स्थानों पर स्थित शिवालय से भगवान शिव की देर संध्या बारात निकाली गयी. बाजे गाजे और भूत पिशाचों की टोली के साथ भगवान भोलेनाथ की बारात निकली.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
