– गिरफ्तार आरोपित पंकज सिंह तारापुर थाना क्षेत्र के लौना परसा गांव का है रहने वाला, सीबीआइ ले गयी गोवा मुंगेर. सीबीआइ गोवा की टीम बुधवार को मुंगेर पहुंची और तारापुर थाना क्षेत्र के लौना परसा गांव में छापेमारी कर सिकंदर प्रसाद सिंह के पुत्र पंकज सिंह को गिरफ्तार किया. जिस पर इलाहाबाद बैंक गोवा शाखा में वर्ष 2018 में 1.45 करोड़ रुपये धोखाधड़ी का मामला दर्ज है. जिसकी जांच सीबीआई टीम कर रही थी. गिरफ्तार आरोपी को मुंगेर कोर्ट में उपस्थापन के उपरांत टीम आरोपी को अपने साथ लेकर गोवा चली गयी. बताया जाता है कि इलाहाबाद बैंक गोवा शाखा में वर्ष 2018 में 1.45 करोड़ का धोखाधड़ी हुआ था. इसको लेकर सीबीआई की मापूसा एडीजे स्पेशल कोर्ट में केस संख्या 1/24 दर्ज है. जिसमें आईपीसी की धारा 120बी, 420, 467, 468, 471 लगा हुआ है. जिसका प्राथमिक अभियुक्त पंकज सिंह है. इस केस की जांच सीबीआई कर रही है. मिली जानकारी के अनुसार जांच के दौरान अभियुक्त की संलिप्तता मिलने पर सीबीआई गोवा से दो सदस्यीय टीम बुधवार को मुंगेर पहुंची और तारापुर थाना क्षेत्र के लौना परसा गांव में छापेमारी कर धोखाधड़ी के आरोपित पंकज सिंह को उसके घर से गिरफ्तार किया. टीम ने इसकी सूचना तारापुर थाना देते हुए उसे जिला मुख्यालय ले आया. जिसका सदर अस्पताल में मेडिकल जांच कराया गया. जहां से उसे मुंगेर कोर्ट के एसीजेएम प्रथम के न्यायालय में उपस्थापन कराया. न्यायालय के आदेश पर सीबीआई की टीम उसे अपने साथ गोवा लेकर चली गयी. सीबीआई के अधिकारी से मीडियाकर्मियों ने बात की तो उन्होंने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
