– हड़ताली चालक-खलासी ने कहा- वेतन नहीं मिलने से परिवार का नहीं हो पा रहा भरण पोषण
मुंगेर. तीन माह के बकाये वेतन भुगतान की मांग को लेकर बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के आउटसोर्सिंग चालक व खलासी बुधवार को हड़ताल पर चले गये और शास्त्रीनगर स्थित डीपो कार्यालय में धरना पर बैठ गये. हड़ताल के कारण बीएसआरटीसी के बसों का परिचालन पूरी तरह से ठप रहा. जिसके कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. हड़ताली चालक व खलासी सुमन कुमार सिंह, संजय कुमार शर्मा, विपुल यादव, शंभू सिंह, राजेंद्र पासवान, पवन तांती ने बताया कि वह लोग वर्ष 2020 से 627 रुपया दैनिक मजदूरी पर बिहार राज्य परिवहन विभाग के मुंगेर शाखा मे कार्य कर रहे है. हम सभी आउटसोर्सिंग कंपनी के माध्यम से यहां तैनात है. हमलोगों को किसी प्रकार का छुट्टी नहीं दिया जाता है और 26 दिन का ही मानदेय दिया जाता है. जो मानदेय दिया जाता है उसमें भी कंपनी द्वारा भारी कटौती की जा रही है. पीएफ में कभी पैसा कंपनी जमा करती कभी नहीं करती है. पिछले तीन माह से हमलोगों को वेतन का भुगतान नहीं किया गया है. परिवार का भरण पोषण करना मुश्किल हो गया है. बीमार पड़ने पर सही से इलाज नहीं हो पाता है. बच्चों का नाम तक स्कूल से काट दिया गया है. हमलोगों ने डिपो अधीक्षक को 22 फरवरी को पत्र देकर जानकारी दे दिया था कि अगर 25 फरवरी से वेतन नहीं मिला तो 26 फरवरी से हड़ताल पर चले जायेंगे. लेकिन वेतन आज तक नहीं मिला. जिसके कारण हमलोग हड़ताल पर चले गये.बीएसआरटसी के बसों का नहीं हुआ परिचालन, यात्री रहे परेशान
मिली जानकारी के अनुसार बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की ओर से जिले में वर्तमान समय में 12 बसों का संचालन विभिन्न मार्गों में होता है. जिससे विभाग को एक लाख से अधिक का राजस्व प्राप्त होता है. लेकिन हड़ताल के कारण बसों का परिचालन नहीं हुआ. जिससे एक तरफ जहां राजस्व की क्षति हुई, वहीं दूसरी ओर यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.कहते हैं डिपो अधीक्षक
प्रभारी डिपो अधीक्षक विजय कुमार ने कहा कि यह सभी गोस्वामी कंपनी से आउटसोर्सिंग पर यहां तैनात है. कंपनी और मुख्यालय स्तर पर कुछ परेशानी हुई है. जिसके कारण चालक व खलासी का दो माह का वेतन बकाया चल रहा है. 72 घंटे के अंदर सब कुछ ठीक हो जाएगा, इन सभी का वेतन बनाकर भेज दिया गया है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
