मुंगेर में 5100 महिलाओं ने निकाली कलश शोभायात्रा, बिहुला विषहरी पूजन व मेला की तैयारियां पूरी

मुंगेर के बंगाली टोला में 5100 महिलाओं ने बिहुला विषहरी पूजन के उपलक्ष्य में एक भव्य कलश शोभायात्रा निकाली. यह यात्रा 20 किलोमीटर लंबी रही और भक्तिमय माहौल में संपन्न हुई. 17 अगस्त से शुरू होने वाले तीन दिवसीय मेले में नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा.

मुंगेर, बरियारपुर. प्रखंड के करहरिया पश्चिम पंचायत अंतर्गत बंगाली टोला गांव में रविवार को बिहुला विषहरी पूजन एवं मेला को लेकर भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई. फुलकिया कल्याणपुर के समीप गंगा घाट से श्रद्धालु महिलाओं ने कलश में गंगाजल भरा और शोभायात्रा में शामिल हुईं.

गंगा घाट से गंगाजल लेकर निकली शोभायात्रा

कलश शोभायात्रा बंगाली टोला विषहरी स्थान से शुरू होकर दुर्गास्थान, आशा टोला और घोरघट होते हुए वापस बंगाली टोला पहुंचकर संपन्न हुई. करीब 20 किलोमीटर लंबी शोभायात्रा में 5100 महिलाओं और बालिकाओं ने हिस्सा लिया. श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या से पूरे मार्ग पर भक्तिमय माहौल बना रहा.

17 अगस्त को स्थापित होगी बिहुला विषहरी की प्रतिमा

पूजा समिति के अध्यक्ष अशोक मंडल ने बताया कि कलश शोभायात्रा के बाद 17 अगस्त को मंदिर प्रांगण में बिहुला विषहरी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी. प्रतिमा स्थापना के बाद शाम में भव्य मेला आयोजित किया जाएगा. मेला को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है.

तीन दिनों तक होगा नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रम

आयोजकों के अनुसार 17, 18 और 19 अगस्त को श्रद्धालुओं के लिए बिहुला विषहरी पर आधारित नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. कार्यक्रम के माध्यम से बिहुला विषहरी की कथा और लोक परंपरा को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा.

20 अगस्त को होगा प्रतिमा का विसर्जन

आयोजन के अंतिम दिन 20 अगस्त को बिहुला विषहरी की प्रतिमा का विधि-विधान से विसर्जन किया जाएगा. पूजा समिति ने श्रद्धालुओं से आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है.

बड़ी संख्या में लोगों ने निभाई सक्रिय भूमिका

कलश शोभायात्रा को सफल बनाने में खुशबू कुमारी, पूजा कुमारी, ललिता रानी, अलका देवी, शीला देवी, रिंकू देवी और मनोरमा देवी सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई. वहीं ब्रजेश कुमार, बबलू चौधरी, भादो मंडल, विजय मंडल, गुड्डू कुमार, बादल कुमार, दिगंबर कुमार और पूजा समिति के सदस्यों ने भी आयोजन की व्यवस्था में सहयोग किया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजीव कुमार

संजीव कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बरियारपुर (भागलपुर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >