मिली सफलता . रिटायर्ड रेलकर्मी से की थी लूट की कोशिश
एसबीआई शाखा से 30 हजार रुपये की िनकासी कर घर जा रहे सेवानिवृत्त रेलकर्मी से अपराधियों ने जुबली बेल चौक के पास की थी लूट की कोशिश.
मुंगेर : जमालपुर में रिटायर्ड रेलकर्मी से रुपया लूटने में असफल अपराधियों को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार अपराधी फरीदपुर जमालपुर के नीरज कुमार एवं अंकित आनंद है. लूट में प्रयुक्त मोटर साइकिल को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है.एसपी आशीष भारती ने बताया कि रिटायर्ड रेलकर्मी 65 वर्षीय कुलदीप मिस्त्री 30 मई को एसबीआइ शाखा से 30 हजार रुपये की निकासी की और राशि को थैला में रख कर घर जाने के लिए निकले. जुबली बेल चौक पर एक बाइक पर सवार दो युवक उनसे थैला छीन कर भागने का प्रयास किया.
लेकिन रेलकर्मी ने थैला को नहीं छोड़ा और भीड़ भी मोटर साइकिल की ओर दौड़ पड़ा. जिसके कारण मोटर साइकिल सवार अपराधी थैला छोड़ कर भाग निकला. लेकिन मोटर साइकिल का नंबर पब्लिक ने नोट कर लिया था. पुलिस ने मोटर साइकिल नंबर से उसके मालिक का पता लगाया तो उसकी पहचान पंकज कुमार दास के रूप में हुई जो बीएमपी का जवान है. यह भी पता चला कि मोटर साइकिल का प्रयोग फरीदपुर निवासी अंकित आनंद करता है जो जवान का साला है.
अंकित की निशानदेही पर उसके मित्र नीरज कुमार को पकड़ा. जो उसी गांव का रहने वाला है. दोनों ने अपना अपराध कबूल कर लिया जिसे जेल भेज दिया गया. एसपी ने बताया दोनों ने इसी साल मैट्रिक की परीक्षा दी थी. पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है.
