युवक ने हिम्मत जुटायी और पुलिसकर्मी की मदद से भाग रहे उचक्के के हाथ से अपना 40 हजार वापस छीन लिया.
जमालपुर : बैंकों की सुरक्षा राम भरोसे है. वहां तैनात गार्ड भी किसी हादसे के दौरान मूक दर्शक बने रह जाते हैं. ऐसी ही एक घटना बुधवार को सेंट्रल बैंक शाखा जमालपुर में घटी जब इस बैंक में 40 हजार रुपये जमा करने पहुंचे उत्तर प्रदेश के एक युवक से बैंक के काउंटर के निकट से उसका बैग छीन कर भागने का प्रयास किया गया.
वह तो उस युवक ने हिम्मत जुटायी तथा जुबली वेल चौक पर तैनात एक पुलिसकर्मी की मदद से भाग रहे उचक्के के हाथ से दुबारा अपना बैग वापस झटक लिया. पीड़ित व्यवसायी आरिफ ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र के ठेगड़ी ग्राम निवासी मो. छिम्मू का पुत्र है.
वह यहां साइकिल व मोटर साइकिल का हैंड पंप का व्यवसाय करता है. बुधवार को वह 40 हजार रुपये सेंट्रल बैंक में जमा करने पहुंचा और काउंटर के निकट अपना बड़ा बैग रख कर फॉर्म भरने लगा. इस बीच एक अन्य युवक वहां पहुंचा तथा धीरे से उसके बड़े बैग में रखे एक छोटे बैग को काफी फुर्ति से निकाल लिया तथा भाग निकला. दो मंजिला पर बैक शाखा रहने के कारण जब तक उसकी नजर वहां से भागने वाले पर पड़ी तब तक वह स्टेशन रोड पर आ गया था.
उसने हिम्मत नहीं हारी तथा उसके पीछे दौड़ लगा दी. जुबली वेल चौक पर तैनात पुलिसकर्मी को देखते ही उचक्का कुछ पल के लिए ठिठका कि व्यवसायी युवक ने पीछे से ही उसे पकड़ने का प्रयास किया, इस क्रम में उसका ही बैग उसके हाथ लगा गया. और इस प्रकार उसका पैसा उसे वापस मिल गया. परंतु उचक्का दौड़ते हुए भाग निकलने में सफल रहा. लोगों ने व्यवसायी की हिम्मत की प्रशंसा की है.
