मुंगेर : राष्ट्रीय उच्च पथ 80 पर डकरा-सतखजुरिया के समीप मंगलवार की अहले सुबह लखीसराय की ओर से आ रही एक पिकअप वैन ने स्थानीय वृद्ध बटेश्वर यादव को कुचल दिया. जिसमें वृद्ध की मौत हो गयी. साथ पिकअप वैन भी संतुलन बिगड़ जाने के कारण पास में ही पलट गयी. घटना से आक्रोशित परिजन व स्थानीय ग्रामीणों तीन घंटे तक सड़क जाम कर दिया.
जिसे जमालपुर बीडीओ एवं सीओ द्वारा समझा-बुझा कर जाम हटाया गया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.डकरा-सतखजुरिया निवासी विजय यादव ने बताया कि उनके पिता बटेश्वर यादव अहले सुबह शौच के लिए जा रहे थे. तभी सड़क पार करने के दौरान लखीसराय की ओर से तेज रफ्तार से आ रही पिकअप वैन ( बीआर- 02 एए- 6226) ने उन्हें रौंदते हुए गड्ढे में पलटी मार दी.
बटेश्वर यादव ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. वहीं चालक वाहन छोड़ कर फरार हो गया. कुछ ही देर बार उन्हें सूचना मिली कि उनके पिता की सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी. जिसके बाद वे घटनास्थल पर पहुंचे. देखते ही देखते वहां पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गयी. मृतक के परिजन व ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर राष्ट्रीय उच्च पथ 80 को जाम कर दिया.
लगभग तीन घंटे के जाम में वाहनों की लंबी कतार लग गयी. सूचना मिलने के बाद जमालपुर बीडीओ अभिषेक कुमार प्रभाकर तथा अंचलाधिकारी मुमताज अहमद घटनास्थल पर पहुंचे तथा परिजनों को समझा- बुझा कर शांत किया. जिसके बाद जाम को हटाया गया. मृतक के परिजनों को पारिवारिक लाभ के तहत 10 हजार रुपये दिया गया.
साथ ही इंद्रुख पश्चिमी पंचायत के मुखिया नरेंद्र यादव ने परिजनों को कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत 3 हजार रुपये दिये. सफियाबाद ओपी पुलिस द्वारा दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया गया है.
