संग्रामपुर : दीपावली, कालीपूजा एवं छठ पर्व को लेकर गुरुवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक थानाध्यक्ष शोएब आलम की अध्यक्षता में आयोजित की गयी. जिसमें प्रखंड क्षेत्र के दर्जनों बुद्धिजीवी तथा गणमान्य लोग उपस्थित थे.
थानाध्यक्ष ने बताया कि थाना क्षेत्र अंतर्गत संग्रामपुर, मकनपुर, बढ़ौनियां, भिखाडीह, जमुआ, रामपुर, बलिया, कोराजी एवं सन्हौली में कुल 9 स्थानों पर काली की प्रतिमा स्थापित कर मेले का आयोजन किया जाता है.
बैठक में उपस्थित लोगों ने बताया कि आज तक थाना क्षेत्र के किसी भी कालीपूजा एवं छठ पर्व के दौरान किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं घटी है. थानाध्यक्ष ने कहा कि मेले के दौरान रात्रि में सुल्तानगंज-संग्रामपुर पथ पर चांदपुरा एवं रामपुर के बीच बाइकर्सों के निगरानी के लिए पुलिस गश्त जारी रहेगी. थानाध्यक्ष ने उपस्थित लोगों को यह निर्देश दिया की दीपावली में पटाखे छोड़ने के क्रम में वे बच्चों पर विशेष निगरानी रखें.
उन्होंने कहा कि ट्रिपल लोडिंग एवं लहरिया कट स्टाईल के वाइकर्स पर विशेष निगरानी रखी जायेगी. छठ पर्व को लेकर गहरे पानी वाले घाटों पर विशेष बोलन्टियर द्वारा निगरानी की व्यवस्था रखी जायेगी. बैठक में चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष मनोज शाह, सर्वोत्तम शर्मा, जदयू प्रखंड अध्यक्ष कमल नयन सिंह, राजद प्रखंड अध्यक्ष सुनील सिंह, पूर्व मुखिया अभिराम चौधरी, रामखेलावन शर्मा, मोहम्मद नौशाद, कैलाश सिंह, पूर्व जिला पार्षद सदानंद मंडल एवं राधे श्याम रजक सहित अन्य मौजूद थे.
