मोतिहारी: बंजरिया में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, एक गंभीर घायल

मोतिहारी के बंजरिया थाना क्षेत्र में एनएच-28ए पर अज्ञात वाहन की टक्कर से 18 वर्षीय युवक लाल बहादुर कुमार की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. पढ़ें पूरी खबर..

मोतिहारी के बंजरिया से राज निखिल की रिपोर्ट

Motihari News: बंजरिया थाना क्षेत्र के एनएच-28ए स्थित शंकर ढाबा के समीप मंगलवार को हुए सड़क हादसे में एक 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया.

मृतक की पहचान तुरकौलिया थाना क्षेत्र के मंझार मुशहर टोली निवासी जिया लाल मांझी के 18 वर्षीय पुत्र लाल बहादुर कुमार के रूप में हुई है. वहीं घायल युवक की पहचान उसी गांव के मदन लाल सहनी के पुत्र गुड्डू कुमार के रूप में की गई है.

रिश्तेदार के घर से लौटने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार लाल बहादुर कुमार और गुड्डू कुमार बाइक से किसी रिश्तेदार के घर से अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान शंकर ढाबा के समीप एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि लाल बहादुर कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गुड्डू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया.

पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

घटना की सूचना मिलते ही बंजरिया थाना के दारोगा सुरेंद्र सिंह, दयाराम सिंह यादव और प्रशिक्षु दारोगा पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.

पुलिस ने घायल गुड्डू कुमार को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है. वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.

अस्पताल में जुटी परिजनों की भीड़

घटना की खबर मिलते ही मृतक और घायल युवक के परिजन सदर अस्पताल पहुंच गए. अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.

पुलिस कर रही जांच

बंजरिया थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले में आवेदन मिलने के बाद अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान में जुटी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >