Motihari News: पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब नदी किनारे एक विशाल मगरमच्छ दिखाई दिया. गोविंदगंज प्रखंड के मलाही थाना क्षेत्र स्थित चटिया बड़हरवा गांव में मगरमच्छ को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई. हालांकि, लोगों ने घबराने के बजाय सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए जाल और रस्सी की मदद से उसे सुरक्षित पकड़ लिया. बाद में वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को अपने कब्जे में ले लिया.
नदी से निकलकर किनारे धूप सेंक रहा था मगरमच्छ
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह ग्रामीण अपने दैनिक कार्यों के लिए नदी किनारे पहुंचे थे. इसी दौरान उन्होंने एक बड़े मगरमच्छ को पानी से बाहर निकलकर तट पर धूप सेंकते देखा.
कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. मगरमच्छ के आबादी के करीब पहुंचने से लोगों में डर का माहौल बन गया.
ग्रामीणों ने दिखाई हिम्मत
किसी अनहोनी से बचने के लिए गांव के लोगों ने मिलकर मगरमच्छ को पकड़ने की योजना बनाई. काफी मशक्कत के बाद उन्होंने रस्सी और जाल की मदद से मगरमच्छ को सुरक्षित काबू में कर लिया.
इसके बाद मगरमच्छ को मजबूती से बांधकर सुरक्षित स्थान पर रखा गया, ताकि वह किसी व्यक्ति पर हमला न कर सके.
वन विभाग और पुलिस को सौंपी जिम्मेदारी
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. ग्रामीणों ने मगरमच्छ को वन कर्मियों के हवाले कर दिया.
वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों की सराहना करते हुए कहा कि लोगों ने मगरमच्छ को नुकसान पहुंचाने के बजाय सुरक्षित पकड़कर विभाग को सूचना दी, जो सराहनीय कदम है.
स्वास्थ्य जांच के बाद प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाएगा
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मगरमच्छ का पहले स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा. इसके बाद उसे सुरक्षित प्राकृतिक आवास या किसी नदी के गहरे हिस्से में छोड़ा जाएगा.
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और वन्यजीवों की निगरानी बढ़ाने की मांग की है.
यह भी पढे़ं: मोतिहारी में चार दिन रहेंगे केंद्र सरकार के अधिकारी, जानिए किन योजनाओं और प्रखंडों की होगी समीक्षा
