Raxaul News: व्हाट्सऐप पर वायरल एक वीडियो के आधार पर रक्सौल थाना पुलिस ने शहर के लक्ष्मीपुर गांव में छापेमारी कर ब्राउन शुगर जैसी संदिग्ध मादक सामग्री के साथ दो नेपाली युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपितों के पास से करीब 7.82 ग्राम संदिग्ध मादक पदार्थ, एक चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल तथा ओप्पो कंपनी का एक स्मार्टफोन बरामद किया है. छापेमारी के दौरान वीडियो में दिख रही दो महिलाएं मौके से फरार हो गईं.
वायरल वीडियो के सत्यापन के बाद हुई कार्रवाई
एसडीपीओ मनीष आनंद ने बताया कि 21 जुलाई की शाम गश्ती के दौरान पुलिस को व्हाट्सऐप के माध्यम से एक वीडियो प्राप्त हुआ था. वीडियो में एक व्यक्ति और दो महिलाओं द्वारा कथित रूप से अवैध मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी. सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने आसूचना संकलन कर लक्ष्मीपुर गांव में छापेमारी की.
यह भी पढ़ें: डंकन अस्पताल में बाल संरक्षण और वैधानिक दत्तक ग्रहण पर जागरूकता अभियान
दो नेपाली युवक गिरफ्तार, दो महिलाएं फरार
पुलिस ने छापेमारी के दौरान नेपाल के पर्सा जिले के वीरगंज स्थित रामपुर निवासी अमन लामा उर्फ अमन वर्मा तथा गहवा निवासी कन्हैया कुमार को गिरफ्तार कर लिया. वहीं वीडियो में दिखाई दे रही दो महिलाएं मौके से फरार हो गईं. पुलिस ने दोनों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी
एसडीपीओ ने बताया कि मामले में रक्सौल थाना कांड संख्या 355/26 दर्ज किया गया है. प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(5), 318(4), 3(5) तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(बी), 21(बी) और 29 के तहत दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
उन्होंने बताया कि बरामद पदार्थ की प्रकृति की पुष्टि विधिक प्रक्रिया के तहत की जाएगी. छापेमारी दल में एसडीपीओ मनीष आनंद, थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे.
