Raxaul News: भारत-नेपाल सीमा से सटे नेपाल के पर्सा नेशनल पार्क के कोर क्षेत्र में नेपाली सेना ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 166 किलोग्राम गांजा बरामद किया है. इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. कार्रवाई पार्क क्षेत्र में नियमित सुरक्षा गश्त और विशेष निगरानी अभियान के दौरान की गई.
बगई नदी के पास संदिग्ध गतिविधि पर हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, सुरक्षा पोस्ट प्रतापपुर से गश्त पर निकली नेपाली सेना की सबुज गण की टीम ने मकवानपुर जिले के जंगल क्षेत्र स्थित पर्सा नेशनल पार्क के कोर इलाके में बगई नदी के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों को देखा. तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 166 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद दोनों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मकवानपुर जिले के राक्सिराङ ग्रामीण नगरपालिका-3, पलासे निवासी 54 वर्षीय विक्रम सिंतान और 48 वर्षीय गोकर्ण मोक्तान के रूप में हुई है.
पुलिस को सौंपे गए आरोपी, तस्करी नेटवर्क पर बढ़ी निगरानी
नेपाली सेना ने बरामद गांजा और दोनों आरोपियों को आगे की जांच एवं कानूनी कार्रवाई के लिए पर्सा नेशनल पार्क के अधिकारियों की मौजूदगी में इलाका पुलिस कार्यालय मनहरी के हवाले कर दिया है.
पर्सा नेशनल पार्क मकवानपुर, बारा और पर्सा जिलों में फैला नेपाल का प्रमुख संरक्षित वन क्षेत्र है. घने जंगल और दुर्गम इलाकों के कारण इस क्षेत्र का इस्तेमाल लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी के लिए किए जाने की आशंका जताई जाती रही है.
इसी को देखते हुए नेपाली सेना, नेपाल पुलिस और पार्क प्रशासन संयुक्त रूप से नियमित गश्त और निगरानी अभियान चला रहे हैं. ताजा कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि सीमा क्षेत्र में सक्रिय अवैध तस्करी नेटवर्क के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
