Motihari News: पूर्वी चंपारण जिले में टेक होम राशन (टीएचआर) के वितरण को लेकर लाभार्थियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है. जून माह का पोषाहार अब तक जिले की सभी परियोजनाओं में नहीं पहुंच सका है. ऐसे में हजारों परिवार अब भी राशन मिलने का इंतजार कर रहे हैं.
लाभार्थियों का कहना है कि जून में पोषाहार दिए बिना ही उनसे आधार सत्यापन और अंगूठा लगवा लिया गया. उन्हें बताया गया कि राशि उपलब्ध होने के बाद टीएचआर का वितरण किया जाएगा.
बिना पोषाहार दिए पूरी कराई गई एफआरएस प्रक्रिया
जानकारी के अनुसार, जिले की 28 आईसीडीएस परियोजनाओं के तहत संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े करीब ढाई लाख लाभार्थियों का आधार सत्यापन कराया गया, लेकिन उसी समय पोषाहार का वितरण नहीं हुआ.
लाभार्थियों को बताया गया कि विभाग के पास राशि उपलब्ध नहीं है. हालांकि, वरीय अधिकारियों के निर्देश पर आधार सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है.
28 में से सिर्फ 17 परियोजनाओं में जारी हुआ वितरण का आदेश
जुलाई में राशि उपलब्ध होने के बाद आईसीडीएस विभाग ने टीएचआर वितरण के लिए पत्र जारी किया. इसमें केवल 17 परियोजनाओं में 16 जुलाई को वितरण कराने का निर्देश दिया गया.
इन परियोजनाओं में मेहसी, पकड़ीदयाल, पताही, मोतिहारी सदर, मोतिहारी ग्रामीण, रक्सौल, तेतरिया, बनकटवा, ढाका, घोड़ासहन, हरसिद्धि, नरकटिया, पिपराकोठी, फेनहारा, आदापुर, बंजरिया और चिरैया शामिल हैं.
11 परियोजनाओं के लाभार्थी अब भी इंतजार में
जिले की शेष 11 परियोजनाओं के लाभार्थियों को अब तक जून माह का पोषाहार नहीं मिल सका है. जुलाई माह भी समाप्ति की ओर है, लेकिन जुलाई के टीएचआर वितरण को लेकर भी अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है.
इसी वजह से लाभार्थियों के बीच असमंजस बना हुआ है.
पत्र में नहीं है यह स्पष्ट कि किस माह का होगा वितरण
आईसीडीएस की ओर से जारी पत्र में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि 16 जुलाई को होने वाला वितरण जून माह के पोषाहार का है या किसी अन्य माह का.
इसी को लेकर टीएचआर वितरण की पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं और लाभार्थी स्पष्ट जानकारी की मांग कर रहे हैं.
क्या बोलीं प्रभारी आईसीडीएस डीपीओ?
प्रभारी आईसीडीएस डीपीओ निधि कुमारी ने बताया कि "टीएचआर वितरण जिस माह में होता है, उसी माह के अंत में एफआरएस कराया जाता है. एक ही दिन एफआरएस और वितरण कराना संभव नहीं होता. शेष 11 परियोजनाओं में भी जल्द टीएचआर का वितरण किया जाएगा. जुलाई माह के लिए अभी आवंटन प्राप्त नहीं हुआ है."
फिलहाल लाभार्थियों की नजर विभाग की अगली कार्रवाई और शेष परियोजनाओं में टीएचआर वितरण की तारीख पर टिकी हुई है.
