Motihari News: लखौरा थाना क्षेत्र स्थित राजकीय मध्य विद्यालय, बहुअरी के विशिष्ट शिक्षक शाहिल खुर्शीद को छात्राओं के साथ कथित अश्लील व्यवहार और निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार कक्षाओं का संचालन नहीं करने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
यह कार्रवाई जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार गिरी के अनुमोदन के बाद जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) ब्रजेश कुमार द्वारा जारी कार्यालय आदेश के तहत की गई.
जांच रिपोर्ट में आरोप प्रथम दृष्टया सही
कार्यालय आदेश के अनुसार, 25 जुलाई को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी की ओर से सौंपी गई जांच रिपोर्ट में छात्राओं के साथ कथित अश्लील व्यवहार के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए हैं.
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि शिक्षक पर निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुरूप नियमित रूप से कक्षाएं संचालित नहीं करने का भी आरोप है.
नियमों के उल्लंघन का आरोप
आदेश के अनुसार, शिक्षक का कथित आचरण बिहार विद्यालय विशिष्ट शिक्षक नियमावली, 2023 और बिहार सरकारी सेवक आचरण नियमावली, 1976 के प्रावधानों का उल्लंघन माना गया है.
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र, रक्सौल निर्धारित किया गया है.
विभागीय जांच होगी, चार्जशीट भी जारी होगी
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ब्रजेश कुमार द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ विस्तृत विभागीय जांच के लिए अलग से आरोप-पत्र (चार्जशीट) जारी किया जाएगा.
आदेश की प्रतियां संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (रक्सौल एवं मोतिहारी) तथा जिला पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई और अनुपालन के लिए भेज दी गई हैं.
