Motihari News: मोतिहारी. राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर शनिवार को सर्किट हाउस सभागार में भाजपा जिला पदाधिकारियों की बैठक हुई. सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा की और प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा. अभियान के दौरान जिले में सेवा, जनकल्याण, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
बैठक में राधा मोहन सिंह ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है. एक महीने तक चलने वाले इस अभियान में आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा. भाजपा कार्यकर्ता बूथ और स्थानीय स्तर पर लोगों को अभियान से जोड़ेंगे
आशीर्वाद का दीया से होगी अभियान की शुरुआत
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी. इसके तहत बूथ और परिवार स्तर पर दीप प्रज्वलन किया जाएगा. इसके अलावा अरेराज में मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित होगा. युवा मोर्चा की ओर से रक्तदान शिविर और पौधारोपण कार्यक्रम भी किए जाएंगे
स्कूलों में चित्रकला, भाषण और सांस्कृतिक कार्यक्रम
विद्यालयों में ‘सेवा चित्र’ के तहत चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. वहीं ‘सेवा स्मरण’ कार्यक्रम के माध्यम से संगीत और नाट्य कार्यक्रम आयोजित होंगे. अभियान के जरिए बच्चों और युवाओं को सेवा, समाज और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा
आंगनबाड़ी से लेकर युवाओं और लाभुकों तक पहुंचेगा अभियान
‘आंगन का मिलन’ के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर माताओं और बच्चों की सहभागिता से सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी. ‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियां सामने लाई जाएंगी. ‘सेवा सेतु’ के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सहायता दी जाएगी
सेवा ज्योति यात्रा और विकसित भारत 2047 पर रहेगा फोकस
अभियान के दौरान ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘विकसित भारत 2047 का संकल्प’ के जरिए जनभागीदारी बढ़ाने का प्रयास होगा. ‘सेवा मेरा योगदान’ में नागरिकों को 25 सेवा गतिविधियों में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाएगा. हैकाथॉन एवं इनोवेशन चैलेंज में युवा, विद्यार्थी और स्टार्टअप भाग लेंगे. वहीं ‘जनसेवक महाकुंभ’ में पंचायत से संसद तक के जनप्रतिनिधियों की भागीदारी होगी
‘25 साल, 25 कहानियां’ के माध्यम से प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा और देश की विकास यात्रा के प्रमुख पड़ावों को प्रस्तुत किया जाएगा. युवा मोर्चा के चयनित कार्यकर्ता पवित्र जल के साथ वडनगर–वाराणसी यात्रा में भी शामिल होंगे. बैठक में मोतिहारी विधायक प्रमोद कुमार, बिहार राज्य मछुआरा आयोग के अध्यक्ष ललन सहनी, उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद समेत भाजपा के जिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे
यह भी पढ़ें: समस्तीपुर में मातृ वंदना योजना की समीक्षा, मोहनपुर नंबर वन तो सदर प्रखंड फिसला सबसे नीचे
