East Champaran Police: मोतिहारी जिले में अपराध पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस ने सोमवार को व्यापक वाहन जांच अभियान चलाया. एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने सड़कों पर उतरकर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की.
इस कार्रवाई के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बारीकी से जांच की गई.
कई थाना क्षेत्रों में एक साथ चला अभियान
विशेष अभियान कोटवा, मेहसी, चिरैया, छतौनी, आदापुर, पिपराकोठी, चकिया, ढाका समेत जिले के कई थाना क्षेत्रों में चलाया गया.
पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों की जांच की. साथ ही डिग्गी की तलाशी ली गई और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की गई.
अपराधियों पर नजर, सुरक्षा पर जोर
पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखना, संदिग्ध लोगों की पहचान करना और जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना है.
लगातार चल रही इस कार्रवाई से अपराधियों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है.
एसपी ने क्या कहा?
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि जिले में आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसी उद्देश्य से वाहन जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी.
