Raxaul News: नेपाल के पर्सा जिला पुलिस कार्यालय में पुलिस नेतृत्व में बदलाव हुआ है. प्रमुख पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुदीप राज पाठक के तबादले के बाद गुरुवार को उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई, जबकि एसपी पवन कुमार भट्टराई ने नए जिला पुलिस प्रमुख के रूप में पदभार ग्रहण किया.
जिला पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों ने एसपी सुदीप राज पाठक के लगभग 11 माह के कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी.
काठमांडू हुआ तबादला
नेपाल पुलिस प्रधान कार्यालय के मानव संसाधन एवं प्रशासन विभाग के आदेश के अनुसार एसपी सुदीप राज पाठक का प्रतिनियुक्ति (काज) के आधार पर राजधानी पुलिस कार्यालय, रानीपोखरी (काठमांडू) में तबादला किया गया है.
कार्यक्रम में अधिकारियों ने उनके कार्यकाल के दौरान कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध नियंत्रण के लिए किए गए कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
पवन कुमार भट्टराई ने संभाली जिम्मेदारी
उसी आदेश के तहत काठमांडू जिला पुलिस परिसर से स्थानांतरित होकर आए एसपी पवन कुमार भट्टराई ने पर्सा जिला पुलिस कार्यालय के नए प्रमुख के रूप में पदभार संभाला.
पदभार ग्रहण करने के बाद आयोजित परिचयात्मक कार्यक्रम में वरिष्ठ और कनिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत किया. इस दौरान जिले की सुरक्षा व्यवस्था, कार्यप्रणाली और आगे की रणनीति पर प्रारंभिक चर्चा भी हुई.
नागरिक हितैषी पुलिसिंग पर रहेगा जोर
नवनियुक्त एसपी पवन कुमार भट्टराई ने कहा कि जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना, अपराध नियंत्रण, कानून का प्रभावी क्रियान्वयन और नागरिक हितैषी पुलिस सेवा उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी.
उन्होंने पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प भी व्यक्त किया.
सीमा सुरक्षा को लेकर भी चर्चा
पर्सा जिला भारत से सटी सीमा पर स्थित है और इसका संपर्क बिहार के रक्सौल क्षेत्र से है.
हाल के दिनों में नेपाल के गृह मंत्री के सीमा क्षेत्र के दौरे के बाद पर्सा जिले में पुलिस नेतृत्व परिवर्तन को सीमा सुरक्षा से जुड़े प्रशासनिक कदमों के रूप में भी देखा जा रहा है. हालांकि, इस संबंध में अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
