Newborn Body Found: मोतिहारी जिले के तुरकौलिया मुख्य चौक के समीप अस्पताल रोड पर शनिवार को सड़क किनारे एक नवजात शिशु का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. स्थानीय लोगों के अनुसार शव को कुत्ते नोंच रहे थे. सुबह के वक्त जब राहगीरों और आसपास के दुकानदारों की नजर इस दर्दनाक दृश्य पर पड़ी, तो मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. इस अमानवीय घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है और तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.
Crime News: पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही तुरकौलिया थाना की पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से नवजात के शव को अपने कब्जे में लिया और जांच-पड़ताल शुरू कर दी. प्रारंभिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि जन्म के बाद या तो नवजात की मौत हो गई होगी अथवा साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से किसी ने सुनियोजित तरीके से शव को यहां लाकर फेंक दिया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
अवैध क्लीनिकों और गर्भपात को लेकर उठे सवाल
इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने इलाके में संचालित कुछ संदिग्ध निजी क्लिनिकों और अस्पतालों को लेकर तीखे सवाल खड़े किए हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि इस क्षेत्र में अवैध गर्भपात और स्वास्थ्य के नाम पर कई प्रकार के अवैध धंधे संचालित होते रहते हैं. हालांकि, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है कि इस नवजात की मौत का कारण अवैध गर्भपात है या कोई अन्य वजह है.
सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
तुरकौलिया पुलिस इस संवेदनशील मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है. अस्पताल रोड और उसके आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि उस व्यक्ति की पहचान की जा सके जो इस नवजात के शव को सड़क किनारे फेंककर फरार हुआ है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें... पेंडिंग चालान के निष्पादन के लिए मुजफ्फरपुर में खास व्यवस्था, स्टेडियम में बनाए गए 20 काउंटर
