ढाका-मोतिहारी रोड पर दुकान में सेंधमारी, नकद और लाखों का माल गायब

पूर्वी चंपारण में बैट्री-इनवर्टर की दुकान से लाखों की चोरी हुई है। चोरों ने दुकान की पिछली दीवार काटकर घटना को अंजाम दिया। इस वारदात के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी दहशत का माहौल है।

Motihari Crime: पूर्वी चंपारण बैट्री दुके चिरैया थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बैट्री-इनवर्टर की दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया. ढाका-मोतिहारी मुख्य मार्ग पर स्थित रूपहरा चौक की आदित्य बैट्री दुकान की पीछे की दीवार काटकर चोर अंदर घुसे और करीब चार लाख रुपये मूल्य के बैट्री-इनवर्टर के साथ 12 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए. गुरुवार सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है.

सुबह दुकान खुली तो सामने आया चोरी का खुलासा

दुकान संचालक राणा श्रीवास्तव ने बताया कि वह रोज की तरह बुधवार रात दुकान बंद कर घर चले गए थे. गुरुवार सुबह जब दुकान पहुंचे तो सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था और पीछे की दीवार टूटी हुई थी. जांच करने पर पता चला कि दुकान में रखे बैट्री, इनवर्टर और अन्य सामान गायब हैं. साथ ही गल्ले में रखे 12 हजार रुपये नकद भी चोरी हो चुके थे.

पुलिस और डॉग स्क्वायड ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही शिकारगंज थानाध्यक्ष गोपाल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस की सूचना पर खोजी कुत्ता दस्ता भी मौके पर पहुंचा और संभावित सुराग जुटाने का प्रयास किया. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरी की पूरी घटना की जांच में जुटी है.

दुकानदार ने थाने में दिया आवेदन

दुकानदार राणा श्रीवास्तव ने शिकारगंज थाने में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है. आवेदन में करीब चार लाख रुपये के बैट्री-इनवर्टर और 12 हजार रुपये नकद चोरी होने की जानकारी दी गई है. पुलिस आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है.

कारोबारियों में बढ़ी चिंता

रूपहरा चौक बाजार में हुई इस चोरी के बाद स्थानीय दुकानदारों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. व्यापारियों का कहना है कि मुख्य सड़क पर स्थित दुकान में इस तरह सेंधमारी होना गंभीर मामला है. उन्होंने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.

थानाध्यक्ष गोपाल कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है. घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर जांच की जा रही है और चोरी में शामिल बदमाशों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >