मोतिहारी: मरीजों की जगह अस्पताल में बैठीं बकरियां, पतौरा हेल्थ सेंटर की तस्वीर ने खोली पोल

मोतिहारी के पतौरा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में मरीजों की जगह बकरियां नजर आईं. दवाइयां धूल फांकती मिलीं और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए. पढ़ें पूरी खबर…

मोतिहारी से सामंत कुमार गौतम की रिपोर्ट

Motihari News: मोतिहारी के सदर प्रखंड स्थित पतौरा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की बदहाल तस्वीर सामने आई है. जहां मरीजों की भीड़ होनी चाहिए थी, वहां अस्पताल परिसर में बकरियां आराम फरमाती नजर आईं.

बरामदे में बकरियां, अस्पताल में पसरा सन्नाटा

सरकार ग्रामीण इलाकों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर चला रही है, लेकिन पतौरा केंद्र की स्थिति स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोल रही है.

केंद्र के बरामदे में बकरियां बैठी मिलीं, जबकि पूरे परिसर में सन्नाटा पसरा था. स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां नियमित स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिलने से मरीज आना छोड़ चुके हैं.

धूल फांकती मिली दवाइयां और मेडिकल सामान

अस्पताल के अंदर भी अव्यवस्था का आलम दिखा. एक कमरे में दवाइयों के कार्टन और मेडिकल सामान बेतरतीब ढंग से रखे मिले. टेबल पर रखी दवाइयों पर धूल जमी थी.

ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार इलाज की उम्मीद लेकर लोग पहुंचते हैं, लेकिन या तो स्वास्थ्य कर्मी मौजूद नहीं रहते या पर्याप्त सुविधा नहीं मिलती.

निरीक्षण में पांच कर्मी मिले अनुपस्थित

ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से केंद्र की व्यवस्था सुधारने और जिम्मेदार कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है.

इस मामले में पीएचसी प्रभारी डॉ. दिलीप कश्यप ने बताया कि एक दिन पहले औचक निरीक्षण किया गया था, जिसमें पांच कर्मी अनुपस्थित मिले.

उन्होंने कहा कि एएनएम की हाजिरी काटी गई है और संबंधित कर्मियों से जवाब तलब किया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >