Motihari News: पूर्वी चंपारण जिले के पताही थाना क्षेत्र अंतर्गत जिहुली गांव में बच्चों के मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया. बच्चों के चश्मे को लेकर हुए विवाद में दो युवकों ने एक व्यक्ति पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
चश्मा छीनने के विरोध पर हमला
जानकारी के अनुसार, जिहुली गांव निवासी विजय कुमार का पुत्र चश्मा पहने हुआ था. इसी दौरान गांव के ही दीपक पासवान ने बच्चे से चश्मा छीन लिया. जब बच्चे ने अपना चश्मा वापस मांगा, तो आरोपी उसके साथ मारपीट करने लगा. अपने बच्चे को पिटता देख पिता विजय कुमार बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन विवाद और बढ़ गया.
चार जगह चाकू लगने से पिता गंभीर
बीच-बचाव के दौरान दीपक पासवान और राकेश पासवान ने मिलकर विजय कुमार पर हमला बोल दिया. आरोपियों ने चाकू से विजय पर वार किए, जिससे उन्हें शरीर में चार जगह गहरे जख्म आए हैं. लहूलुहान हालत में परिजनों ने उन्हें स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है.
आरोपी भेजे गए न्यायिक हिरासत में
थानाध्यक्ष बवन कुमार ने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने बीती रात छापेमारी कर आरोपी दीपक पासवान और राकेश पासवान को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
मोतिहारी के पताही से विकास कुमार की रिपोर्ट
