तमिलनाडु में मजदूरी कर रहे मोतिहारी के युवक की मौत, हादसे ने उजाड़ दिया पूरा परिवार

Motihari News: मोतिहारी के तुरकौलिया निवासी मुन्ना आलम की तमिलनाडु में मजदूरी के दौरान दर्दनाक हादसे में मौत हो गई. क्रेन से गिरा लोहे का सामान युवक के ऊपर आ गिरा. शव गांव पहुंचते ही परिवार और गांव में मातम छा गया. पढे़ं पूरी खबर…

मोतिहारी तुरकौलिया से आफताब आलम की रिपोर्ट

Motihari News: मोतिहारी के तुरकौलिया प्रखंड क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है. रोजी-रोटी कमाने तमिलनाडु गए एक युवक की काम के दौरान हादसे में मौत हो गई. युवक का शव गांव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में मातम छा गया. मृतक की पहचान शंकरसरैया तंसरिया गांव निवासी स्वर्गीय शेख सलाउद्दीन के 24 वर्षीय पुत्र मुन्ना आलम के रूप में हुई है.

तमिलनाडु में काम के दौरान हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि मुन्ना आलम तमिलनाडु में एपीजे कॉन्ट्रैक्टर कंपनी के तहत मजदूरी का काम कर रहा था. वहां क्रेन मशीन से लोहे का सामान ढोया जा रहा था. इसी दौरान अचानक लोहे का भारी हिस्सा खिसककर उसके ऊपर गिर पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई.

एक महीने पहले ही कमाने गया था बाहर

मृतक के भाई सदरे आलम ने बताया कि मुन्ना करीब एक महीने पहले ही मजदूरी करने तमिलनाडु गया था. परिवार को उम्मीद थी कि वह कमाकर घर की आर्थिक स्थिति बेहतर करेगा, लेकिन अचानक आई इस खबर ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया.

पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा शव

घटना के बाद तमिलनाडु पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया. जैसे ही शव गांव पहुंचा, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. गांव के लोग बड़ी संख्या में मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना देने लगे.

पीछे छूट गया छोटा परिवार

मुन्ना आलम की शादी तीन साल पहले हुई थी. उसके परिवार में पत्नी के अलावा एक छोटा बेटा और एक बेटी हैं. कम उम्र में परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य की मौत से घर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >