Railway News: मुजफ्फरपुर-नरकटियागंज रेलखंड पर गुरुवार को ट्रेनों के घंटों विलंब से चलने के कारण रेल यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. इस रूट की दो प्रमुख ट्रेनें 12557 मुजफ्फरपुर-आनंद विहार सप्तक्रांति एक्सप्रेस और 19038 बरौनी-बांद्रा टर्मिनस अवध एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से क्रमश: करीब चार घंटे और साढ़े तीन घंटे की देरी से चलीं. ट्रेनों के लेट होने से मोतिहारी स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ लगी रही.
ट्रेनों की देरी से यात्रियों को हुई परेशानी
रेलवे प्रशासन ने दोनों ट्रेनों के री-शेड्यूल होने की सूचना पहले ही जारी कर दी थी. इसके बावजूद अचानक समय बदलने और ट्रेनों के घंटों लेट होने से स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई. लंबी दूरी की यात्रा करने वाले परिवारों, बुजुर्गों और बच्चों को उमस भरी गर्मी के बीच घंटों प्लेटफॉर्म पर ट्रेन का इंतजार करना पड़ा.
एनआई कार्य के कारण प्रभावित हुआ परिचालन
रेलवे अधिकारियों के अनुसार रेल लाइनों के रखरखाव और सुरक्षा को मजबूत करने के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य किया जा रहा है. अधिकारियों ने बताया कि कार्य पूरा होने के बाद इस रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन फिर से अपने निर्धारित समय के अनुसार सामान्य कर दिया जाएगा.
यात्रियों से रेलवे की अपील
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन आने से पहले पूछताछ नंबर 139 या नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) ऐप पर अपनी ट्रेन की लाइव रनिंग स्थिति जरूर जांच लें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके.
यह भी पढ़ें: मधुबन में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 21 कार्टन अंग्रेजी शराब के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार
