मोतिहारी से सामंत कुमार गौतम की रिपोर्ट
Motihari News: मोतिहारी के सदर प्रखंड में आम लोगों की समस्याओं को पंचायत स्तर पर ही दूर करने के लिए मंगलवार को सहयोग शिविर लगाया गया. झिटकहिया और नौरंगिया पंचायत में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और राशन कार्ड, पेंशन, आवास योजना, जमीन विवाद समेत कई मामलों से जुड़ी शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं. कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजा गया.
पंचायत स्तर पर लगाए गए सहयोग शिविर
सामान्य प्रशासन विभाग और जिलाधिकारी पूर्वी चंपारण के निर्देश पर हर महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को पंचायतवार सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में झिटकहिया पंचायत के वार्ड संख्या-04 स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय और नौरंगिया पंचायत के बसवीटा स्थित मनरेगा भवन में शिविर लगाया गया.
अधिकारियों ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
शिविर की निगरानी बीपीआरओ वरुणा नंदन कर रहे थे. वहीं कार्यपालक सहायक दिलीप कुमार भी शिविर संचालन में मौजूद रहे. शिविर के दौरान वृद्धा पेंशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, जाति, आय और निवास प्रमाण पत्र समेत कई योजनाओं से जुड़े आवेदन लिए गए.
झिटकहिया पंचायत में ये कर्मी रहे मौजूद
झिटकहिया पंचायत में पंचायत सचिव अरुण कुमार प्रसाद, तकनीकी सहायक दिग्विजय कुमार, लेखापाल-सह-आईटी सहायक विवेक विमल, न्यायमित्र प्रेमचंद कुमार प्रसाद, कचहरी सचिव उमेश बैठा और कार्यपालक सहायक राकेश कुमार-1 मौजूद रहे. अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया.
नौरंगिया पंचायत में भी उमड़ी भीड़
नौरंगिया पंचायत में पंचायत सचिव ब्रह्मचारी संजय कुमार, तकनीकी सहायक दिग्विजय कुमार, लेखापाल-सह-आईटी सहायक गोविंद राज, न्यायमित्र शिवानी कुमारी, कचहरी सचिव जया कुमारी और कार्यपालक सहायक स्वीटी कुमारी की प्रतिनियुक्ति की गई थी. यहां ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई.
बिचौलियों से बचने की दी सलाह
अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी सरकारी योजना का लाभ लेने के लिए बिचौलियों के चक्कर में न पड़ें और सीधे आवेदन करें. ग्रामीणों ने कहा कि पंचायत स्तर पर शिविर लगने से प्रखंड कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ता और समस्याओं का समाधान आसानी से हो जाता है.
