राशन कार्ड से अचानक कट गया नाम, अब सरकारी अनाज के लिए परेशान हो रहे गरीब परिवार

पूर्वी चंपारण जिले के कल्याणपुर प्रखंड में गरीब परिवारों के राशन कार्ड से बड़ी संख्या में नाम हटा दिए गए हैं. बिना सूचना और जांच के नाम कटने से लोग परेशान हैं और सरकारी अनाज के लिए भटक रहे हैं. प्रखंड विकास पदाधिकारी ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया है.

Motihari News: पूर्वी चंपारण जिले के कल्याणपुर प्रखंड में बड़ी संख्या में गरीब परिवारों के राशन कार्ड से नाम हटाए जाने का मामला सामने आया है. प्रभावित परिवारों का आरोप है कि बिना समुचित जांच-पड़ताल और पूर्व सूचना के उनके नाम राशन कार्ड से हटा दिए गए. इससे लाभुकों के बीच चिंता और नाराजगी का माहौल है. राशन कार्ड से नाम हटने के कारण सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले खाद्यान्न और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने पर भी संकट पैदा हो गया है.

बिना सूचना हटाए गए नाम, कार्यालयों के लगा रहे चक्कर

स्थानीय लोगों का कहना है कि उनके परिवार के सदस्यों का नाम अचानक राशन कार्ड से हटा दिया गया. कई लाभुकों ने बताया कि इस संबंध में उन्हें पहले कोई सूचना नहीं दी गई. नाम कटने के बाद वे लगातार प्रखंड कार्यालय और संबंधित विभाग का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है.

सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने पर संकट

प्रभावित परिवारों का कहना है कि राशन कार्ड गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेजों में से एक है. इसके माध्यम से उन्हें सस्ते दर पर खाद्यान्न के अलावा कई अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ मिलता है. ऐसे में बिना जांच नाम हटने से उनके सामने आर्थिक और सामाजिक परेशानी खड़ी हो गई है.

प्रशासन से नाम जोड़ने की मांग

लाभुकों ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द राशन कार्ड में नाम जोड़ने की मांग की है. उनका कहना है कि अगर समय पर सुधार नहीं हुआ तो कई गरीब परिवार सरकारी सुविधाओं से वंचित रह जाएंगे.

BDO ने बताया, साइट खुलने के बाद होगा समाधान

इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी चंद्रगुप्त कुमार बैठा ने बताया कि वर्तमान में संबंधित पोर्टल की साइट बंद है. साइट शुरू होने के बाद जिन लाभुकों का नाम राशन कार्ड से हट गया है, उनकी समस्या का ऑनलाइन समाधान किया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Subodh kumar singh

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >