Motihari News: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में एमवाई भारत, पूर्वी चंपारण की ओर से रविवार को महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय (एमजीसीयू), मोतिहारी में "नशा मुक्त युवा-विकसित भारत अभियान" का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, सामाजिक उत्तरदायित्व के लिए प्रेरित करना तथा विकसित भारत-2047 के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था.
प्रधानमंत्री का लाइव संबोधन दिखाया गया
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी संबोधन का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया. विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के प्राध्यापक, शोधार्थी, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने संबोधन सुना और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया.
एमवाई भारत से जुड़ने का किया आह्वान
जिला युवा अधिकारी सुश्री अंकिता ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि एमवाई भारत केवल एक मंच नहीं, बल्कि युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का सशक्त अभियान है. उन्होंने युवाओं से एमवाई भारत पोर्टल पर अधिक से अधिक पंजीकरण कराने तथा मंत्रालय की विभिन्न स्वयंसेवी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की.
अतिथियों ने युवाओं को किया प्रेरित
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के सब रजिस्ट्रार दीपक हुडा, बीडीओ बंजरिया अजय कुमार प्रिंस, राजनीति विज्ञान विभाग के डॉ. नरेंद्र सिंह, सोशल वर्क विभाग के डॉ. अनुपम वर्मा, शिक्षा विभाग के डॉ. जुगल किशोर, कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष डॉ. अरविंद कुमार शुक्ला, जूलॉजी विभाग के डॉ. कुंदन कुमार रजक, समाजसेवी रविशंकर, अकाउंटेंट रानू कुमारी सहित कई अतिथि मौजूद रहे. सभी ने युवाओं से नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया.
जिलेभर के 27 प्रखंडों में चला अभियान
कार्यक्रम के अंत में सोशल वर्क विभागाध्यक्ष डॉ. मृत्युंजय कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया. वहीं जिले के सभी 27 प्रखंडों में विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायतों, युवा क्लबों एवं विभिन्न संस्थानों में भी इसी अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए गए. इन आयोजनों में 30 हजार से अधिक युवाओं ने नशामुक्ति की शपथ लेते हुए नशा मुक्त पूर्वी चंपारण और विकसित भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया.
यह भी पढ़ें: मोतिहारी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में नशा मुक्ति अभियान, पीएम मोदी का लाइव संबोधन दिखाया गया
